राशन कार्ड, पेंशन, जनधन खाता नहीं तो लें 1000 रुपये

इटावा। जिन्हें शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, लॉकडाउन के दौरान मुख्यमंत्री गरीब कल्याण मद से उनकी मदद की जा रही है। अभी तक जिले भर में 902 लोगों को एक-एक हजार रुपये दिए जा चुके हैं। जिला प्रशासन जरूरतमंदों की जानकारी भी पंचायत और निकाय कर्मियों के जरिये करा रहा है।
सीडीओ राजा गणपति आर ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान सरकार मुफ्त राशन दे रही है। इसके अलावा वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन के साथ अतिरिक्त धनराशि, जनधन खाते में पैसा और किसान सम्मान निधि के पैसे भी भेज चुकी है। 15 अप्रैल से सभी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो चावल के साथ दाल भी मुफ्त दी जाएगी। अब ऐसे लोगों की तलाश कराई जा रही है, जिनको किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलता है। यानी जिनके पास न राशन कार्ड है और न ही पेंशन ही मिलती है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी योजना का लाभ न मिलने वाले गरीबों की तलाश ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और लेखपालों के माध्यम से कराई जा रही है। इसी तरह नगरीय क्षेत्र में निकाय के अधिकारियों को लगाया गया है। सभासद भी अपने क्षेत्र के ऐसे जरूरतमंदों की सूचना विवरण बनाकर ईओ को दे सकते हैं। सीडीओ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंदों का सत्यापन पंचायत सचिव करेंगे। बीडीओ से प्रमाणित होकर उसका ब्योरा जिला प्रशासन को आएगा। इसके बाद जरूरतमंद को लॉकडाउन की अवधि तक प्रति महीने एक हजार रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह नगरीय क्षेत्र में ईओ प्रमाणित कर जिला प्रशासन को जरूरतमंद का ब्योरा भेजेंगे। सीडीओ ने बताया कि अभी तक ग्रामीण क्षेत्र में 691 और नगरीय क्षेत्रों में 211 लोगों को मुख्यमंत्री गरीब कल्याण मद से पैसा दिया जा चुका है।
गांवों में लोगों को किसी भी योजना का लाभ नहीं मिला रहा है और वह गरीबी की श्रेणी में है तो अपने ग्राम प्रधान पंचायत सचिव से संपर्क करें। पंचायत सचिव उनका ब्योरा बीडीओ को तक पहुंचाएंगे। बीडीओ उसे प्रमाणित करेंगे। अगर प्रधान, पंचायत सचिव और बीडीओ सुनवाई न करें तो अपने एसडीएम को फोन लगाएं। ऐसे लोग बीडीओ, एसडीएम को फोन कर अपनी जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम के नंबर 05688-259697, 9045032394,9045253394 नंबरों पर भी फोन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी जेबी सिंह ने कहा कि जिन गरीबों को राशन, पेंशन, जनधन खाते में पैसा जैसी सरकारी मदद मिल चुकी है वह लोग मुख्यमंत्री गरीब कल्याण मद से पैसा लेने के लिए बिल्कुल फोन न करें। अगर किसी ने बेवजह फोन पर परेशान किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। अगर किसी अन्य तरह की दिक्कत हो तो कंट्रोल रूम पर फोन कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments