
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है. राज्य में 68 नए मामले सामने आए हैं. इसी के साथ यहां COVID-19 से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 345 हो गई है.
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के ताजा मामलों में मु़ंगेर जिले में 22, रोहतास में 16, भोजपुर में 7, पटना में 6, मधुबनी और औरंगाबाद में 5-5, लखीसराय में 3 और सारण, दरभंगा, नवादा, पूर्णिया में एक एक मामले शामिल हैं.
किन जिलों में हैं कितने मामले?
बिहार के कुल 38 जिलों में से 25 जिले कोविड-19 प्रभावित हो गये हैं, बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अबतक सबसे अधिक मुंगेर में 90, नालंदा में 34, पटना में 39, सिवान मेंं 30, रोहतास में 31, बक्सर में 25, कैमूर में 14, गोपालगंज में 12, बेगुसराय, भोजपुर में 9-9, औरंगाबाद में 7, गया में 6, भागलपुर, पूर्वी चंपारण-मधुबनी में 5-5, अरवल, नवादा, लखीसराय, सारण में 4-4, बांका, वैशाली में दो-दो और मधेपुरा, जहानाबाद, पूर्णिया और दरभंगा में एक-एक मामला प्रकाश में आया है.
ओमान से लौटे सिवान निवासी एक मरीज के संपर्क में बीते दिनों आने से अबतक 23 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है. वहीं कतर से लौटे मुंगेर निवासी एक मरीज की 21 मार्च को पटना एम्स में मौत हो गयी थी. उसके संपर्क में आए 11 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी .
बिहार में अबतक 18179 कोरोना संदिग्ध सैंपल की जांच की जा चुकी है और कोरोना संक्रमित 57 मरीज ठीक भी हुए हैं.
क्या बोले CM नीतीश कुमार?
इससे पहले कोरोना वायरस पर आयोजित प्रधानमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में कोरोना की जांच के लिए 6 लैब काम कर रही हैं, जिससे जांच में तेजी आयी है. उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए हमलोगों ने पूरे राज्य में पल्स-पोलियो अभियान की तर्ज पर घर-घर जाकर जांच करा रहे हैं. अब तक 75 लाख परिवारों के 4 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों ने राज्य के बाहर फंसे बिहार के मजदूरों और जरुरतमंद व्यक्तियों के लिए सहायता राशि के रूप में मुख्यमंत्री विशेष सहायता अंतर्गत 1,000 रुपये देने का निर्णय किया था. इस संबंध में अब तक 25 लाख आवदेन आ चुके हैं, जिनमें से 15 लाख लोगों के खाते में 1000 रुपए की राशि अंतरित की जा चुकी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन कब तक जारी रहना है यह निर्णय केंद्र सरकार को करना है. इस मामले में विशेषज्ञों की राय ली जा सकती है. केंद्र सरकार का लॉकडाउन के संबंध में जो भी फैसला होगा हम उसका अनुपालन करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बाहर से कुछ लोग अभी भी आ रहे हैं जिनमें कई संक्रमित पाए गए हैं और उनके माध्यम से अन्य लोग भी सक्रंमित हो रहे हैं.
0 Comments