जौनपुर। कोरोना संकट के बीच एक दिल दहला देने वाली खबर जौनपुर से मिल रही है। यहाँ एक कलयुगी बेटे ने शराब के पैसे न मिलने पर बुजुर्ग माँ को फावड़े के वार से मार डाला ,यही नहीं इस कलयुगी बेटे ने माँ का शव भी घर के आँगन में ही दफना दिया ताकि किसी को भी इस कुकृत्य की भनक न लगे। जब घर से बदबू फैलने लगी तब पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मृतका के बेटी की तहरीर पर आरोपी बेटे लालचंद्र को हत्या के मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के मधुपुर वृंदावन गांव का है। वृंदावन गांव निवासी बगेसरा देवी (70) का बड़ा बेटा फूलचंद और उसका परिवार मुंबई में रहता था। बगेसरा देवी यहां अपने छोटे बेटे लालचंद्र पाल के साथ घर में रहती थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, 19 अप्रैल से ही बगेसरा दवी नहीं दिख रही थीं। इसके बाद घर से दुर्गंध आने लगी। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने 18 अप्रैल की शाम मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन उसने इनकार कर दिया। गुस्से में उसने फावड़े से मां के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर में ही दफना दिया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर एसपी अशोक कुमार, एएसपी ग्रामीण संजय राय, सीओ मड़ियाहूं विजय सिंह मौके पर पहुंचे। आरोपी बेटे लालचंद्र को हिरासत में ले लिया। एसपी अशोक कुमार ने बताया कि मृतका की बेटी लालदेई की तहरीर पर पुलिस ने उसके भाई लालचंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।