बिहार: अब गांव के मुखिया को रोजाना भेजनी पड़ेगी रिपोर्ट, नीतीश ने दिया ये बड़ा आदेश

 बिहार सरकार ने प्रदेश के सभी मुखिया को बड़ी जिम्‍मेवारी दी है। सभी मुखिया को गांव में दूसरे राज्यों से आने वाले एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। उन्हें इस संबंध में एक रजिस्टर तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर मुखिया प्रतिदिन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) व थाना प्रभारी को भेजेंगे। फिर उस रिपोर्ट की मॉनिटरिंग हो गई।

पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने सभी जिलाधिकारियों व उप विकास आयुक्तों (डीडीसी) को पत्र लिखकर इस संदर्भ में 11 बिंदुओं पर जानकारी संग्रहित कराने के निर्देश दिए हैं। मीणा ने सोमवार को लिखे पत्र में कहा है कि प्रतिदिन की रिपोर्ट मुखिया वाट्सएप के जरिए थाना प्रभारी और बीडीओ को देंगे। मुखिया को इस काम में बाकायदा वार्ड सदस्य की मदद लेने और ग्राम पंचायत कर्मियों की सेवा लेने के निर्देश दिए गए हैं।

11 बिंदुओं पर मांगी गई सूचना

जिन 11 बिंदुओं पर सूचना मांगी गई है, उनमें प्रवासी मजदूर/व्यक्ति के नाम, पिता/पति के नाम, उम्र, आने की तिथि व समय, उस स्थान का नाम जहां से आ रहे हैं, आगमन के उपरांत किस स्थान पर रह रहे, कोरोना के लक्षण यदि कोई हो तो उसका विवरण और अभियुक्ति शामिल हैं। 

बिहार में तेजी से बढ़ रहा संक्रमण

दरअसल, बिहार में जिस तरह काेरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है, उससे सरकार और अधिक चौकस हो गई है। बारीक से बारीक मामले पर नजर रखी जा रही है। हर छोटी-छोटी चीज की मॉनिटरिंग की जा रही है। बताया जाता है कि इसी को लेकर सरकार की ओर से मुखिया को बड़ी जिम्‍मेवारी दी गई। गौरतलब है कि सोमवार को बिहार में रिकॉर्ड संख्‍या में काेरोना संक्रमित मरीजों की संख्‍या बढ़ गई है। इसके पहले एक दिन में 55 मरीज बढ़े थे। लेकिन आज सोमवार को अब तक 68 पॉजिटिव मामले सामने आ गए हैं। इससे सरकार भी चिंतित हो गई है।  

Post a Comment

0 Comments