घर के बाहर बैठ खाना खा रहे इंस्पेक्टर, दरवाजे से निहार रही मासूम बेटी



कहते हैं कि कुछ तस्वीरें हजार शब्दों के बराबर होती हैं. कोरोना के दौर में ऐसी ही एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें एक पुलिस इंस्पेक्टर अपने ही घर के बाहर बैठकर खाना खा रहे हैं और उनकी मासूम बेटी उन्हें दरवाजे से निहार रही है.


दरअसल, इस तस्वीर में इंदौर के तुकोगंज थाना प्रभारी निर्मल श्रीवास हैं और उनकी बेटी है, ड्यूटी से समय मिलते ही निर्मल खाना खाने घर पहुंचे. ड्यूटी करने की वजह से उन्होंने घर के बाहर ही खाना खाया. बच्ची ने पास आने की जिद की तो उसे समझाया कि बेटा दूर रहो. वजह है कि निर्मल अपनी ड्यूटी के दौरान घर से बाहर रहते हैं और उन्हें कोरोना संक्रमण का खतरा है. ऐसे में वह खतरा मोल लेकर घर में नहीं गए और बच्ची को भी अपने पास नहीं आने दिया.


यह तस्वीर लोग खूब शेयर कर रहे हैं. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इसे शेयर करते हुए लिखा, 'एक पिता होने का फर्ज और देश के बेटे होने का कर्ज, इंदौर के निर्मल जी आप को और आप जैसे लाखों भारत मां के बेटे-बेटियों को सलाम'.



इसके अलावा अयोध्या के पुलिस अधिकारी आशीष तिवारी ने भी इसे शेयर किया. लोग इस अधिकारी को सलाम कर रहे हैं. लोग लड़की की भी तारीफ कर रहे हैं.



ऐसी ही एक तस्वीर पिछले दिनों भोपाल से आई थी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे शेयर करते हुए लिखा था, 'मिलिये डॉ. सुधीर डेहरिया से, जो भोपाल जिले के CMHO हैं. सोमवार को वो पांच दिन बाद घर पहुंचे, घर के बाहर बैठ कर चाय पी, घर वालों का हाल चाल लिया और बाहर से ही अस्पताल वापस हो गए.'

Post a Comment

0 Comments