दिल्ली-एनसीआर में भी कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे के साथ ही अजब-अजब हादसे में सुनने-देखने को मिल रहे हैं। ताजा मामला दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा का है। यहां पर लूडो खेलने के दौरान एक युवक को खांसी आई तो सामने वाले युवक ने यह कहते हुए गोली मार दी -'कोरोना देगा क्या? सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया है। 

मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में लॉक डाउन के बीच सैंथली गांव में लूडो खेलने के दौरान हुए विवाद में युवक को गोली मारी गई है। हुआ यूं कि लूडो खेलने के दौरान युवक को खांसी आ गई, इस पर खांसने पर सामने वाले ने कहा 'कोरोना देगा क्या? यह कहकर आरोपित ने युवक को गोली मार दी। 

 यह है पूरा मामला

पूरी घटना मंगलवार रात 9:00 बजे की है। ग्राम दयानगर थाना जारचा सैंथली मंदिर पर 4 व्यक्ति लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति जय वीर उर्फ गुल्लू निवासी ग्राम दया नगर मंदिर पर आया और उसका प्रशांत  निवासी दयानगर थाना जारचा से ख़ासने को लेकर विवाद हो गया। इस बीच गुल्लू ने तमंचे से प्रशांत की जांघ में गोली मार दी।

नहीं किया जा रहा था शारीरिक दूरी के नियमों का पालन

लूडो खेलने के दौरान दोनों ही युवक शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं कर रहे थे। लूडो खेलते समय दोनों युवकों के बीच 2-3 फीट की दूरी थी, जबकि कम से कम एक मीटर की दूरी तो अनिवार्य रूप से होनी ही चाहिए थी। 

यहां पर बता दें कि समूचे देश के साथ दिल्ली से सटे यूपी के गौतमबुद्धनगर में भी लॉकडाउन का नियम लागू है। पुलिस प्रशासन का भी हरसंभव प्रयास है कि कोरोना के फैलते संक्रमण के बीच लॉकडाउन का नियम न टूटे। बता दें कि जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 80 के पार जा चुकी है।