मराठा::—
मराठा लोगों को 'महरट्टा' या 'महरट्टी' भी कहा जाता है। भारत के वे प्रमुख लोग, जो इतिहास में 'क्षेत्र रक्षक योद्धा' और हिन्दू धर्म के समर्थक के रूप में विख्यात हैं, इनका गृहक्षेत्र आज का मराठी भाषी क्षेत्र महाराष्ट्र राज्य है, जिसका पश्चिमी क्षेत्र समुद्र तट के किनारे मुंबई (भूतपूर्व बंबई) से गोवा तक और आंतरिक क्षेत्र पूर्व में लगभग 160 किमी. नागपुर तक फैला हुआ था।
मराठा शब्द का तीन मिलते-जुलते अर्थों में उपयोग होता है-मराठी भाषी क्षेत्र में इससे एकमात्र प्रभुत्वशाली मराठा जाति, या मराठों और कुंभी जाति के एक समूह का बोध होता है। महाराष्ट्र के बाहर मोटे तौर पर इससे समूची क्षेत्रीय मराठी भाषी आबादी का बोध होता है, जिसकी संख्या लगभग 6.5 करोड़ है।
इतिहास
शिवाजी के प्रतिनिधित्व में मराठा शक्ति के उत्थान को मध्यकालीन भारत के इतिहास की एक महत्त्वपूर्ण घटना के रूप में माना जाता है। मराठों के उत्कर्ष के कारणों में महत्त्वपूर्ण कारण था- ‘महाराष्ट्र की भौगोलिक स्थिति।’ चूँकि यह प्रदेश अधिकांशतः पहाड़ों, नदियों, जंगलों एवं अनुपजाऊ भूमि वाला क्षेत्र था, इसलिए यहाँ के लोग जुझारू व्यक्तित्व के धनी थे। दूसरा कारण, पहाड़ी प्रदेश के निवासी होने के कारण मराठे स्वस्थ एवं बलिष्ठ होते थे। तीसरे, चूँकि मराठे पहाड़ी क्षेत्रों में रहते थे, इसलिए ये छापामार युद्ध शैली (गोरिल्ला युद्ध ) में काफ़ी निपुण थे।
कुल और वंश
ऐतिहासिक रूप में मराठा शब्द शिवाजी द्वारा 17वीं शताब्दी में स्थापित राज्य और उनके उत्तराधिकारियों द्वारा 18वीं शताब्दी में विस्तारित क्षेत्रीय राज्य के लिए प्रयुक्त होता है। मराठा जाति के लोग मुख्यतः ग्रामीण किसान, ज़मींदार और सैनिक थे। कुछ मराठों और कुंभियों ने कभी-कभी क्षत्रिय होने का दावा भी किया, और इसकी पुष्टि वे अपने कुल-नाम व वंशावली को महाकाव्यों के नायकों, उत्तर के राजपूत ) वंशों या पूर्व मध्यकाल के ऐतिहासिक राजवंशों से जोड़कर करते हैं। मराठा और कुंभी समूह की जातियाँ तटीय, पश्चिमी पहाड़ियों और दक्कन के मैदान के उपसमूहों में बँटी हुई हैं, और उनके बीच आपस में वैवाहिक संबंध कम ही होते हैं। प्रत्येक उप क्षेत्र में इन जातियों के गोत्रों को विभिन्न समाज मंडलों में क्रमशः घटते हुए क्रम में वर्गीकृत किया गया है। सबसे बड़े सामाजिक मंडल में 96 गोत्र शामिल हैं। जिनमें सभी असली मराठा बताए जाते हैं। लेकिन इन 96 गोत्रों की सूचियों में काफ़ी विविधता और विवाद हैं।
पेशवा:——
पेशवा का पद मूलरूप से शिवाजी द्वारा नियुक्त अष्टप्रधानों में से एक था। पेशवा को 'मुख्य प्रधान' भी कहते थे। उसका कार्य सामान्य रीति से प्रजाहित पर ध्यान रखना था। मराठा साम्राज्य में पेशवा का पद पहले वंशगत नहीं था, लेकिन बालाजी बाजीराव ने 1749 ई. में महाराज शाहू की मृत्यु के बाद पेशवा पद को वंशागत बना दिया था। बालाजी बाजीराव ने इस पद को मराठा साम्राज्य में सर्वोच्च स्थान का दर्जा दिलवाया था।
पेशवा पद का महत्त्व
शाहू (1708-48 ई.) के राज्यकाल में बालाजी विश्वनाथ ने इस पद का महत्त्व बहुत अधिक बढ़ा दिया था। वह 1713 ई. में पेशवा नियुक्त हुआ और 1720 ई. में मृत्यु होने तक इस पद पर बना रहा। उसने सेनापति तथा राजनीतिज्ञ, दोनों ही रूपों में जो सफलता प्राप्त की, उससे दूसरे प्रधानों की अपेक्षा पेशवा के पद की मर्यादा बहुत ही बढ़ गई। 1720 ई. में उसकी मृत्यु के बाद उसका पुत्र बाजीराव प्रथम पेशवा नियुक्त हुआ। तब से यह पद बालाजी का एक प्रकार से ख़ानदानी हक़ बन गया। बाजीराव प्रथम बीस साल (1720-40 ई.) तक पेशवा रहा और उसने निज़ाम पर विजय प्राप्त करके तथा उत्तरी भारत में विजय यात्राएँ करके पेशवा के पद का महत्त्व और भी बढ़ा दिया।
उसकी उत्तरी भारत की विजय यात्राओं के फलस्वरूप मालवा, गुजरात तथा मध्य भारत में मराठा राज्यशक्ति स्थापित हो गई तथा मराठा संघ की शक्ति बहुत बढ़ गई। मराठा संघ में शिन्दे, होल्कर, गायकवाड़ तथा भोंसले सम्मिलित थे।
1740 ई. में बाजीराव प्रथम की मृत्यु होने पर उसका पुत्र बालाजी बाजीराव पेशवा बना। 1749 ई. में महाराज शाहू की नि:संतान ही मृत्यु हो गई। इसके फलस्वरूप पेशवा का पद वंशगत होने के साथ ही मराठा राज्य में सर्वोच्च मान लिया गया। पेशवा मराठा राज्य की राजधानी सतारा से हटाकर पूना ले गया और राज्य का वास्तविक इतिहास पेशवाओं के इतिहास से सम्पृक्त हो गया।
0 Comments