
बड़ी राहतःजून तक फीस नहीं लेंगे कान्वेंट स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश
कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ने वाले अभिभावकों को डीएम कौशल राज शर्मा की तरफ से बड़ी राहत मिली है। जून तक कोई भी स्कूल किसी बच्चे की फीस जमा करने के लिए दबाव नहीं बनाएगा। इस अवधि की फीस जुलाई के बाद जमा कराई जा सकती है। इसका चार्ट बनाकर अभिभावकों को पहले ही दिया जाएगा। अभी तक स्कूल प्रबंधन अप्रैल में ही तीन माह की फीस एक साथ जमा करा लेता था। इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
एक साथ फीस देने में आ रही दिक्कतों पर अभिभावकों और अभिभावक संगठनों की मांग को हिंदुस्तान ने भी प्रमुखता से उठाया था। इसको जिला प्रशासन ने संज्ञान में लिया। जिलाधिकारी ने सीबीएसई और आईसीएससी बोर्ड के सभी निजी स्कूलों के प्रबंधकों को शनिवार को जारी आदेश में कहा कि लॉकडाउन होने के कारण अभिभावकों को आर्थिक समस्या आ रही है। इसलिए उनसे तीन महीने तक फीस न ली जाए। इस दौरान किसी बच्चे का नाम भी नहीं काटा जाएगा।
अप्रैल-मई-जून की फीस का चार्ट तैयार कर अपने स्तर से अभिभावकों को इसकी जानकारी दी जाए। सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों के प्रंबधकों और प्रधानाचार्यों को लिखे पत्र में जिलाधिकारी ने इस निर्देश का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी।
0 Comments