लॉकडाउन के दौर में साइबर अपराधियों के साथ ऐसे शातिर भी सक्रिय हैं, जो शराब उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं। 

गौरतलब है कि लॉकडाउन के बीच आबकारी विभाग ने शराब की दुकानें और बार बन्द करा रखे हैं। ऐसे में नशे के तलबगार लोग परेशान हैं। कई लोग तो ऊंचे दामों पर शराब खरीदने को तैयार हैं। ऐसे लोगों का फायदा उठाने के लिए शातिर ठग सक्रिय हैं। ये सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए लोगों को झांसा दे रहे हैं कि ऑनलाइन ऑर्डर दो, शराब घर बैठे पहुंचा देंगे। जैसे ही लोग झांसे में उलझते हैं, ये ठग राशि हड़प जाते हैं। जयपुर में ऐसी कई शिकायतें सामने आ रही हैं। हालांकि लॉकडाउन के चलते अभी ये मामले दर्ज नहीं किए गए हैं।

यों बना रहे शिकार
ठग सोशल मीडिया पर शराब की ऑनलाइन डिलीवरी करने के लिए फोन नंबर दे रहे हैं। उस पर डायल करने पर घर बैठे बिना अतिरिक्त भुगतान के शराब उपलब्ध कराने का झांसा दिया जा रहा है। इसके बाद फोन-पे और पेटीएम पर आधा भुगतान करने को कहा जाता है। इसके लिए वाटसएप नंबर पर ठग अपने नंबर तक भेजते हैं। आधे भुगतान के बाद आधे से एक घंटे में शराब की डिलीवरी करने का झांसा देते हैं।

सौ रुपए ही दे दो...
 रिपोर्टर ने 8876152809 नंबर पर फोन किया तो मनीष नामक व्यक्ति ने रिसीव किया। शराब मिलेगी क्या? यह पूछने पर बोला, जो मांगोगे मिल जाएगी। अंग्रेजी शराब की दो बोतल मांगी तो बोला, एक घंटे में भेज देंगे। आप हमारे नंबर पर वाट्सएप से पता भिजवा दें। साथ ही दूसरा नंबर 9864832446 देते हुए बोला, इस पर आधा भुगतान करा दें। रिपोर्टर ने दोबारा फोन नहीं किया तो मनीष ने खुद कॉल किया। बोला, आधे नहीं तो 500 रुपए ही दे दो। फिर यहां तक कह दिया कि 100 रुपए ही डाल दो, बोतलें भिजवा देंगे।

आधे घंटे में डिलवरी का दावा
 जब अलग नंबर से उसी नंबर पर दोबारा फोन किया और तीन हजार रुपए वाली एक बोतल मांगी तो भी मनीष ने ही फोन उठाया। उसने कहा, आधा भुगतान करो तो हम आधे घंटे में शराब पहुंचा देंगे।