नवंबर तक मिलेगा मुफ्त अनाज

Prime Minister Modi Today Speech Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज एक बार फिर देशवासियों को संबोधित किया. कोरोना महामारी के दौर में पीएम मोदी का यह छठां राष्ट्र के नाम संबोधन रहा. कोरोनावायरस महामारी (coronavirus pandemic) के अनलॉक- 2, भारत-चीन सीमा विवाद और चीन के 59 मोबाइल ऐप पर प्रतिबंधों के बीच पीएम मोदी का यह संबोधन हो रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि महामारी के इस दौर में देश दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले बेहतर स्थिति में है. लेकिन हम देख रहे हैं कि जब से अनलॉक 1 हुआ है, लोग लापरवाह होते जा रहे हैं. लॉकडाउन में लोग अधिक सावधान थे. अब अनलॉक में जब अधिक सावधानी जरूरी है तो लापरवाही बढ़ना हानिकारक है. अनलॉक के दौरान अधिक सावधानी आवश्यक है, विशेषकर कंटेनमेंट जोन्स में. देश में स्थानीय प्रशासन को नियमों का पालन करवाना आवश्यक है.
केन्द्र व राज्य सरकार, सिविल सोसायटी के सदस्यों आदि ने पूरा प्रयास किया कि कोई गरीब भूखा न रहे. देश हो या इंसान, समय पर फैसला लेने से संकट का मुकाबला करने की पावर कई गुना बढ़ जाती है. इसीलिए सरकार लॉकडाउन की शुरुआत में ही गरीब कल्याण स्कीम लाई. इसमें पौने दो लाख का पैकेज घोषित हुआ. 9 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में 18000 करोड़ रुपये डाले गए. 20 करोड़ से अधिक महिला जनधन अकाउंट होल्डर्स के अकाउंट में पैसे डाले गए.
80 करोड़ से ज्यादा लोगों को 3 महीने का राशन मुफ्त दिया गया. इसके अतिरिक्त प्रति परिवार हर महीने 1 किलो दाल भी मुफ्त दी गई. अमेरिका की कुल जनसंख्या से ढाई गुना अधिक लोगों को, ब्रिटेन की जनसंख्या से 12 गुना से अधिक लोगों को, यूरोपीय यूनियन की आबादी से दोगुने लोगों को हमारी सरकार ने मुफ्त अनाज दिया है.
अब नवंबर तक मिलेगा मुफ्त 5 किलो राशन का फायदा
आगे के समय में कई फेस्टिवल आ रहे हैं. इसे ध्यान में रखकर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न स्कीम को दिवाली और छठ यानी नवंबर आखिर तक बढ़ाने का फैसला किया है. यानी 80 करोड़ राशनकार्ड धारकों को नवंबर तक 5 किलो गेहूं या 5 किलो चावल मुफ्त मिलेगा. साथ ही हर परविार को हर माह 1 किलो चना भी मुफ्त मिलेगा. इस विस्तार में 90000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे. पिछले 3 माह का खर्च भी एड कर दें तो कुल खर्च 1.5 लाख करोड़ रुपये होता है.
आने वाले समय में प्रयासों को और फास्ट करेंगे. गरीब, वंचित, शोषित के हित के लिए और कदम उठाएंगे. आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल के लिए प्रयास आगे बढ़ाएंगे. लेकिन आगे भी आप लोग सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनना और सभी आवश्यक एहतियात बरततना जारी रखिए.
0 Comments