इसी हफ्ते उत्तर भारत पहुंच सकता है मॉनसून, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और ओडिशा में दी दस्तक




मॉनसून ने गुरुवार को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और ओडिशा में दस्तक दे दी है। इसके साथ वहां कई इलाकों में लगातार बारिश देखी गई है। इसके बाद झारखंड और बिहार में इसके तय समय पर पहुंचने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि झारखंड, बिहार में दस्तक देने के बाद यह सोमवार या मंगलवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मानसून की प्रगति अच्छी है। मानसून ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर लिया है। गुरुवार को मॉनसून मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, रायलसीमा, कोस्टल आंध्र प्रदेश होते हुए ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में छा गया है।

दक्षिण पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार (11 जून) को गोवा और दक्षिण एवं तटीय महाराष्ट्र के हिस्सों में दस्तक दे दी और इसके अगले दो दिनों में इसके और आगे बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने मुंबई में यह जानकारी दी। विभाग ने अगले 48 घंटे में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के मुंबई केंद्र के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने कहा ''दक्षिण पश्चिम मानसून महाराष्ट्र पहुंच गया है। यह हरनई (तटीय रत्नागिरि जिले में), सोलापुर (दक्षिण महाराष्ट्र में), रामागुंडम (तेलंगाना) और जगदलपुर (छत्तीसगढ़) के ऊपर से गुजर रहा है।" उन्होंने कहा, ''अगले 48 घंटों में महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। भारी वर्षा की चेतावनी जारी की जाती है।"

Post a Comment

0 Comments