
बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4745 हो गई है। शनिवार को 147 नए मरीज मिले। राज्य में कोरोना के 30 मरीज की मौत हुई है। वहीं, 2233 मरीज स्वस्थ हुए हैं। बिहार सरकार ने अनलॉक-1 में थोड़ी और छूट दी है। नाइट कर्फ्यू (रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक) में भी ऑटो रिक्शा, टैक्सी, प्राइवेट वाहन से यात्री बस स्टैंड, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन आ-जा सकेंगे। यात्रियों को आई-कार्ड तथा टिकट साथ रखना होगा। नाइट कर्फ्यू में बसों आदि का परिचालन प्रथम स्थान बिंदू से प्रारंभ नहीं होगा, पर बसें अपने गंतव्य स्थल या बीच के स्टैंड तक आ-जा सकेगी।
पटना: 18 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले
पटना जिले में 18 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें 11 नौबतपुर, 5 मसौढ़ी और 2 मरीज बेलछी के रहने वाले हैं। बेलछी के दोनों मरीज पीएमसीएच में भर्ती थे। बाकी सभी होम क्वारैंटाइन में थे। लक्षण मिलने पर इनका सैंपल जांच के लिए लिया गया था और सभी की आरएमआरआई में जांच कराई गई। मसौढ़ी में जो पॉजिटिव मिले हैं, उनमें चार बुजुर्ग और 10 साल का एक बच्चा है। ये सभी संक्रमित के रिश्तेदार हैं। इनका रिश्तेदार भी गुजरात से आया था। वहीं, नौबतपुर में जो 11 संक्रमित मिले हैं, उनमें एक 26 साल की एक महिला और दो छोटे बच्चे हैं। एक तीन का साल का तो एक पांच साल की बच्ची है। बाकी पुरुष हैं। ये सभी गुजरात से लौटे हैं और सभी होम क्वारैंटाइन में रहे थे।
20 जून तक हर दिन होगी 10 हजार कोरोना सैंपल की जांच
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा- “राज्य में कोरोना जांच की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अभी प्रतिदिन लगभग पांच हजार जांच करने की क्षमता विकसित हो गई है। 20 जून तक यह संख्या बढ़कर 10 हजार तक होने की संभावना है। वहीं, 15 जून तक राज्य के सभी जिलों में कोरोना की जांच शुरू हो जाएगी। अभी आरटीपीसीआर मशीन से चार हजार जांच हो रही है, शेष जांच सीवी नेट मशीन और ट्रू नेट मशीन द्वारा राज्य के 26 केंद्रों पर की जा रही है।”
15 तक 30 और ट्रू नेट मशीन हो जाएंगी इंस्टॉल
राज्य में 35 ट्रू नेट कोरोना जांच मशीन काम कर रही हैं। इसके अतिरिक्त 22 मशीन लगाए जा रहे हैं, जबकि 30 और ट्रू नेट मशीन 15 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में इंस्टॉल कर दिए जाएंगे। राज्य में सीवी नेट मशीन के लिए अतिरिक्त कार्टेज भी मंगाए गए हैं। एक कोबास मशीन, जिसकी क्षमता प्रतिदिन एक हजार से अधिक जांच करने की है, वह इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया में है। दो आरएनए एक्सट्रैक्टर मशीन आरएमआरआई और आईजीआईएमएस में इंस्टॉल कर दी गई हैं।
राज्य में 4745 संक्रमित: पटना 278, खगड़िया 274, बेगूसराय 254, रोहतास 230, भागलपुर 226, मधुबनी 217, जहानाबाद 177, कटिहार और मुंगेर में 167-167, गोपालगंज 139, बांका 128, दरभंगा 130, बक्सर 126, नालंदा 120, पूर्णिया 134, पू. चंपारण 140, नवादा 113, शेखपुरा 108, सीवान 115, गया 106, समस्तीपुर 115, भोजपुर 103, मधेपुरा 97, कैमूर 98, सारण 102, सुपौल 107, वैशाली 90, किशनगंज 92, औरंगाबाद 81, सहरसा 77, मुजफ्फरपुर 76, सीतामढ़ी 68, लखीसराय 67, अररिया 71, प. चंपारण 65, अरवल 54, जमुई 45 और शिवहर में 24 मरीज मिले हैं।
30 की मौत: बेगूसराय और खगड़िया में 3-3, अररिया, भोजपुर, पटना, सीतामढ़ी, सीवान व वैशाली में 2-2 मरीज की मौत हुई है। वहीं, भागलपुर, जमुई, जहानाबाद, मधेपुरा, मुंगेर, नालंदा, नवादा, पू. चंपारण, रोहतास, समस्तीपुर, सारण और शिवहर में 1-1 मरीज की मौत हुई।
0 Comments