हॉलीवुड एक्ट्रेस नाया रिवेरा की दक्षिणी कैलिफॉर्निया झील में डूबने से मौत हो गई
‘ग्ली’. अमेरिकन म्यूज़िकल टीवी सीरीज़. काफी मशहूर है. इसमें काम करने वाली स्टार नाया रिवेरा का शव दक्षिणी कैलिफोर्निया झील में मिला. वह पिछले एक सप्ताह से लापता थीं. पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. हेलीकॉप्टर, ड्रोन, पेट्रोल बोट, रोबोटिक मशीन से उन्हें खोजा जा रहा था. वेंचुरा काउंटी शेरिफ बिल अयूब का कहना था कि नाया अपने चार साल के बेटे के साथ कैलिफोर्निया के पीरू झील में बोटिंग करने गईं थीं. और जब वह स्वीमिंग के लिए उतरीं तो एक दुर्घटना के दौरान डूब गईं. उसके बाद वो लौटकर नहीं आईं. अयूब का ये भी कहना है कि नाया ने अपने बच्चे को जैसे-तैसे बचाया और नाव पर सुरक्षित पहुंचाया. लेकिन खुद को नहीं बचा पाईं. अधिकारियों कहा कि नाया रिवेरा को लॉस पड्रेस नेशनल फॉरेस्ट में झील में बोटिंग का अनुभव था. उसके बावजूद ये दुर्घटना हुई.
हेलीकॉप्टर की मदद से नाया को खोजने का प्रयास किया गया था.
दरअसल, नाया 8 जुलाई की दोपहर 1 बजे अपने चार साल के बेटे के साथ पीरू झील में बोटिंग के लिए गईं थीं. उन्होंने एक नाव किराए पर ली थी. तीन घंटे बाद उन्हें लौटना था. पर नाव नहीं आई, तो वर्कर्स उन्हें खोजने के लिए निकले. देखा तो बोट झील के बीच में है. जिसमें बच्चा सो रहा है, पर उसकी मां नहीं हैं. उन लोगों ने नाया रिवेरा को काफी ढूंढा, पर कुछ पता नहीं चला. कई वर्कर्स ने झील के अंदर जाकर उनका पता लगाने की कोशिश की. हेलीकॉप्टर और ड्रोन के ज़रिए पूरे झील को खंगाला गया. पर कुछ पता नहीं चला.
नाया के मम्मी- पापा जांच अधिकारियों के साथ नाया को ढूंढने में मदद करके हुए.
अधिकारियों को सोमवार 13 जुलाई को नाया रिवेरा की बॉडी झील में तैरती हुई मिली. उन्होंने कोई लाइफ वेस्ट यानी सेफ्टी जैकेट नहीं पहना हुआ था. जबकि उनके बेटे ने पहनी हुई थी. जांच कर रही टीम ने उनकी बॉडी को मेडिकल जांच के लिए भेजा, जहां डेंटल रिकॉर्ड्स की मदद से पता चला कि ये नाया रिवेरा का ही शव है. अयूब का कहना है कि उस झील के पास से किसी दूसरे व्यक्ति की मिसिंग कम्प्लेन भी नहीं थी. इससे भी ये साफ होता है कि ये शव नाया रिवेरा का ही है.
नाया रिवेरा.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नाया जब बोट पर थीं, तो उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवार से बात की थी. पुलिस ने उन वीडियो को देखकर ये पता लगाने की कोशिश की थी कि नाया आखिरकार कितनी दूर गईं थीं, जिससे उस एरिया को अच्छे से देखा जा सके. नाया का शव हेलीकॉप्टर की मदद से 64 किलोमीटर दूर वेंचुरा के ऑफिस लाया गया. अब मामले में आगे की जांच की जा रही है.
नाया की तलाश करते उनके परिवारवाले और जांच अधिकारी.
बता दें कि 12 जनवरी, 1987 को जन्मीं, नाया अपने माता-पिता, भाई, बहन और अपने बेटे के साथ कैलीफोर्निया में रहती थीं. कैलिफोर्निया के सैंटा क्लैरिटा में रहने वाली नाया रिवेरा ने 4 साल की उम्र से ऐक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. चार साल की उम्र में CBS चैनल पर ब्रॉडकास्ट होने वाले ‘रॉयल फैमली’ शो से शुरूआत की थी. फॉक्स चैनल पर आने वाले शो ‘ग्ली’ से उन्हें फेम मिला था. इस शो के दो पार्ट आए थे. पहले में चीयरलीडर और दूसरे में एक लेस्बियन टीन सैंटेना लोपेज का किरदार निभाया था. 2009 से 2015 तक ये शो टेलीकास्ट हुआ था. उन्होंने हॉरर फिल्म ‘डेविल्स डोर’ में भी काम किया था.
अपने बेटे जोसे के साथ. (फोटो: इंस्टाग्राम @nayarivera)
नाया की मौत की खबर मिलने के बाद उनके को स्टार्स ने भी ट्वीट कर उन्हें याद किया. ‘ग्ली’ शो की को स्टार जेने लिंच ने ट्वीट कर लिखा-
नाया, तुमको शांति मिले. तुम कितनी मजबूत थी. तुम्हारे परिवार को प्यार और शांति मिले.
FX टेलीविजन शो ‘पोज’ के को-क्रिएटर और प्रोड्यूसर स्टीवन कैनल्स ने भी ट्वीट किया. लिखा-
मैं अब कभी प्राइम टाइम टीवी पर नाया को देखने की इम्पोर्टेंस को व्यक्त नहीं कर पाउंगा. मैं दुखी हूं, उन सभी कहानियों पर, जो अब अनकही रहेंगी. नाया रिवेरा की आत्मा को शांति मिले.
0 Comments