:
बोधगया. भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया के एक युवा प्रॉपर्टी डीलर नीरज गिरी (Neeraj Giri) का दावा है कि उन्होंने चांद (Lunar) पर एक एकड़ जमीन खरीदी है. उनका कहना है कि उन्होंने चांद पर जमीन अपनी प्रेमिका के लिए खरीदी है, जिसकी रजिस्ट्री करवा ली है और अब वह उस जमीन को देखने के लिए चांद पर जाने का सपना देख भी देख रहे हैं.
जमीन की खरीद-बिक्री का नीरज को है शौक
नीरज के चांद पर जमीन खरीदने की चर्चा इस इलाके में जोर-शोर से हो रही है. बता दें कि बोधगया के छोटे से गांव बतसपुर के रहने वाले युवा प्रॉपर्टी डीलर नीरज गिरी को कम उम्र से ही जमीन की खरीद-बिक्री का शौक रहा है और अब उनका दावा है कि अपने शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने चांद पर भी एक एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करवा ली है. न्यूज 18 से बात करते हुए नीरज गिरी प्रेमिका के लिए चांद तोड़ लाने की कहावत को याद करते हुए कहते हैं कि वे अपनी प्रेमिका या होने वाली पत्नी को चांद तोड़कर तो नहीं ला सकते हैं पर उसे यह यकीन जरूर दिला सकते हैं कि जिस चांद को देखकर प्रेमी-प्रेमिका सात जन्मों तक साथ रहने की कसमें खाते हैं. उस चांद पर उनकी भी प्रापर्टी है.
शाहरूख और सुशांत के नाम पर भी है चांद पर जमीन
करीब एक साल की प्रकिया के बाद नीरज को जुलाई के प्रथम सप्ताह में चांद पर एक एकड़ जमीन की रजिस्ट्री की डीड मिली है. इस डीड के मिलने के बाद से नीरज काफी उत्साहित हैं. शाहरूख खान और हाल ही में दिवगंत हुए अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के नाम से भी चांद पर जमीन की रजिस्ट्री करवायी गयी है. जानकारी के मुताबिक शाहरूख खान को यह जमीन उनके एक फैन ने खरीदकर उनके जन्मदिन के मौके पर गिफ्ट की थी.
इंटरनेशनल लूनर लैंड्स रजिस्ट्री से खरीदी जमीन
नीरज बताते हैं कि दरअसल चांद पर जमीन की बिक्री का काम भूमि इंटरनेशनल लूनर लैंड्स रजिस्ट्री (International Lunar Lands Registry) नामक वेबसाईट के जरिये होता है. चांद पर जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले बोधगया के नीरज गिरी ने बताया कि जमीन की कीमत कम है पर इसकी प्रकिया काफी जटिल है. उन्होंने 2019 में जमीन खरीदने की प्रकिया शुरू की थी और जुलाई के प्रथम सप्ताह में उसे रजिस्ट्री की डीड मिली है.

0 Comments