महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की खबर सारी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों के बीच आग की तरह फैल गई। कैप्टन कूल के प्रशंसक भारत के अलावा पूरी दुनिया में फैले हैं। उनके प्रशंसक पाकिस्तान में भी हैं। कई बार पाकिस्तानी प्रशंसक मैच देखते हुए धोनी की जर्सी पहने नजर आए हैं। वहीं मैदान पर धोनी ने धमाकेदार क्रिकेट खेलते हुए पाकिस्तानी टीम और प्रशंसकों को गहरे जख्म भी दिए हैं। ऐसे में सरहद पार से भी धोनी को पाकिस्तान के पूर्व और मौजूदा क्रिकेटरों ने उनके संन्यास की खबर सुनने के बाद उन्हें भविष्य के लिए मुबारकबाद दी है और क्रिकेट के लिए किए उनके योगदान को याद किया है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने धोनी के संन्यास पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, एमएस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है! महान कप्तान, शानदार रिकॉर्ड, बेहतरीन एंटरनेटर और, डीआरएस पर फैसला करने में पूरी दुनिया में सर्वश्रेष्ठ। लेकिन इन सबके अलावा एमएस को भारतीय क्रिकेट के यादगार लम्हों में अहम भूमिका के लिए याद किया जाएगा।
वहीं धोनी के खिलाफ मैदान पर उतर चुके पाकिस्तान के एक अन्य पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, 'भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक और महानतम कप्तान एमएस धोनी को शानदार करियर और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'
अपनी बेखौफ टिप्पणियों के लिए मशहूर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने ट्वीट कर कहा, महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है लेकिन उनके बगैर क्रिकेट की कहानी कभी पूरी नहीं होगी। महान खिलाड़ी!
साल 2007 के टी20 विश्व कप फाइनल में खेलने वाले पाकिस्तान के बांए हाथ के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने धोनी के संन्यास पर ट्वीट कर कहा, महान कप्तानों में से एक और मैदान पर सबसे कूल कप्तान जो भारत के लिए खेलते हुए कभी भी, किसी भी स्थिति में हार नहीं मानता था। उनके खिलाफ खेलने में हमेशा मजा आया। बहुत खूब धोनी भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'
0 Comments