कानपुर। एक महिला ने अपने पति को छोड़कर दूसरी शादी रचाई और उसके भाई को प्रेमी बना लिया, जबकि उसका पहला पति धोखा देने के बाद भी प्यार करता रहा। अपनी पूर्व पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्ति जनक हालत में देख उसका पारा हाई हो गया और प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया। जूही थाना क्षेत्र के स्वदेशी कॉटन मिल के खंडहर में रविवार को एक शव पाया गया था। शव का चेहरा पूरी तरह से कुचला हुआ था और पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी दक्षिण दीपक भूकर ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार आर्य मय हमराही बारादेवी के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि स्वदेशी कॉटन में एक दिन पहले हुए हत्या का हत्याभियुक्त सरदार पटेल कॉलेज के पीछे खड़ा है। वह व्यक्ति मोबाइल लूट का भी अभियुक्त है।
इस पर प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर जाकर उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू पुत्र मोहन वर्मा निवासी बारादेवा किदवई नगर बताया। इसके साथ ही स्वदेशी कॉटन मिल में हुई हत्या को भी कबूल किया। हत्याभियुक्त सोनू ने बताया कि मेरी शादी छह साल पहले जूही बम्बुरहिया की रहने वाली रुपा के साथ हुई और हम दोनों के बीच ढ़ाई साल की एक बेटी भी है। पत्नी ने धोखा देकर सुजीत प्रजापति के साथ शादी कर ली और उसके छोटे भाई प्रदीप को अपना प्रेमी बना लिया।
बताया कि शनिवार को सुजीत पत्नी रुपा को लेकर ससुराल गया और उसका भाई प्रदीप भी था। उसी दिन मैं भी ससुराल पहुंच गया और पूर्व पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्ति जनक हालत में देखा तो प्रेमी को मौत के घाट उतारने का निश्चय कर लिया। अगले ही दिन प्रेमी को शराब पिलाने के बहाने स्वदेशी कॉटन मिल के खंडहर में ले गया और उसको जमकर शराब पिलाई। बेहोश होने पर उसके सिर को पत्थर से कुचल कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याभियुक्त की निशानदेही पर खून से सना हुआ पत्थर और कपड़े बरामद कर लिये। एसपी ने बताया कि हत्याभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है।
0 Comments