नई दिल्ली. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में अपने पहले ही मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के बल्लेबाजों ने ऐसी गलतियां की, जिन्हें देखकर सभी फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट दंग रह गए. पंजाब के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स ने पहले तीन ओवर में ही अपना पूरा टॉप ऑर्डर गंवा दिया. दिल्ली ने 3 ओवर में ही अपने 3 विकेट गंवा दिये. शिखर धवन, पृथ्वी शॉ और शिमरॉन हेटमायर तीनों ही अपना विकेट गंवाकर चले गए. दिल्ली के विकेट पतन की शुरुआत पृथ्वी शॉ और शिखर धवन का भरोसा टूटने से हुई.

पृथ्वी शॉ ने कराया धवन को रन आउट

दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका पारी के दूसरे ओवर में लगा. मोहम्मद शमी की बाउंसर पर धवन ने पुल लगाने की कोशिश की लेकिन वो शॉट से चूक गए. गेंद विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों से छिटक कर थोड़ी दूर गई. धवन (Shikhar Dhawan) को लगा एक रन मिल जाएगा लेकिन पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) भागे ही नहीं. अजीब बात ये रही कि पृथ्वी शॉ ने धवन को काफी देर बाद रन नहीं भागने के लिये कहा लेकिन तबतक वो रन आउट हो चुके थे. आउट होने के बाद धवन ने बेहद ही निराश अंदाज में पृथ्वी शॉ को कुछ कहा और वो बिना खाता खोले पैवेलियन लौट गए.

शिखर धवन बिना खाता खोले रन आउट

पृथ्वी शॉ ने फेंका अपना विकेट
शिखर धवन के आउट होने के बाद पृथ्वी शॉ ने अपना विकेट भी गंवा दिया. शॉ ने चौथे ओवर में शमी की गेंद पर हवाई शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद लॉन्ग ऑन पर खड़ी हो गई और क्रिस जॉर्डन ने उनका आसान कैच लपक लिया. इसके बाद शमी ने चौथे ही ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया. शिमरॉन हेटमायर उनकी जबर्दस्त आउट स्विंग पर शॉर्ट कवर पर मयंक अग्रवाल को कैच दे बैठे. नतीजा दिल्ली ने अपने तीन विकेट महज 13 रन पर गंवा दिये. दिल्ली कैपिटल्स की टीम पावर प्ले का फायदा नहीं उठा सकी और वो पहले 6 ओवर में सिर्फ 23 रन ही बना सकी.