बड़ी खबर: इस गेंदबाज को IPL 2020 में हिस्सा लेने से रोका गया, जानिए वजह





नई दिल्ली. दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल में हर खिलाड़ी का सपना होता है. हर खिलाड़ी चाहता है कि इंडियन प्रीमियर लीग की 8 में से कोई एक टीम उस पर दांव लगाए. हालांकि कभी-कभी ऐसा भी होता है कि टीमें आपको खरीदना चाहती हैं लेकिन इसके बावजूद आप आईपीएल में नहीं खेल सकते. कुछ ऐसा ही बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तिफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) के साथ हुआ, जिन्हें एक नहीं बल्कि 2-2 टीमें अपना बनाना चाहती थीं लेकिन इसके बाद भी वो आईपीएल में नहीं खेल सकते. आइए आपको बताते हैं इसकी वजह.

आईपीएल नहीं खेल पाएंगे मुस्तिफिजुर

बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तिफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) को आईपीएल 2020 की ऑक्शन में नहीं खरीदा गया था लेकिन जब दो टीमों का 1-1 खिलाड़ी किसी कारण से टीम से बाहर हुए तो मुस्तिफुजर को खरीदने के लिए दोनों टीमों में होड़ लग गई. मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तिफिजुर रहमान पर दांव लगाने के बारे में सोचा लेकिन इस गेंदबाज को अपने ही क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल में खेलने से रोक दिया. क्रिकबज में छपी खबर के मुताबिक मुस्तिफिजुर रहमान को बांग्लादेशी बोर्ड ने आईपीएल खेलने की एनओसी नहीं दी.


बता दें मुंबई इंडियंस के गेंदबाज लसिथ मलिंगा और कोलकाता नाइट राइडर्स के हैरी गर्नी आईपीएल में नहीं खेल रहे हैं जिसके बाद दोनों ही टीमों को एक तेज गेंदबाज की जरूरत थी. दोनों मुस्तिफिजुर रहमान पर दांव लगाना चाहती थी लेकिन बीसीबी ने इस तेज गेंदबाज को इसकी इजाजत नहीं दी. दरअसल बांग्लादेश बोर्ड चाहता है कि मुस्तिफिजुर रहमान आईपीएल की जगह श्रीलंका सीरीज में खेले. बांग्लादेश की टीम को अक्टूबर में श्रीलंका दौरा करना है और इसी दौरान आईपीएल भी चल रहा होगा. बांग्लादेश को 24 अक्टूबर से श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. बांग्लादेश क्रिकेट ऑपरेशन के चेयरमैन अकरम खान ने इस खबर की पुष्टि की है. उन्होंने कहा, 'मुस्तिफिजुर रहमान को आईपीएल से ऑफर मिला था लेकिन बीसीबी ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी. बांग्लादेश को श्रीलंका का दौरा करना है और वहां रहमान खेलेंगे.'

Post a Comment

0 Comments