नई दिल्ली. IPL 2020 के पहले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स की जीत के नायक अंबाति रायडू (Ambati Rayudu) एक बार फिर चर्चाओं में हैं. रायडू ने शानदार 71 रन बनाकर चेन्नई सुपरकिंग्स को मुंबई इंडियंस पर जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की. रायडू इस मुकाबले में नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आए थे और जब उन्होंने क्रीज पर कदम रखा था तो चेन्नई दो विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद रायडू ने डुप्लेसी के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की और नतीजा चेन्नई का जीत से खाता खुला. इस बीच रायडू के नंबर 4 पर अच्छे प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पर सवाल खड़े होने लगे हैं. टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि कप्तान की जी-हुजूरी नहीं करने की वजह से ही रायडू टीम इंडिया से बाहर हुए.
रायडू जी-हुजूरी नहीं करने के चलते बाहर!
अजय जडेजा (Ajay Jadeja) ने क्रिकबज के खास शो में कहा, 'रायडू को पहले नंबर 4 से हटाया गया था उसके बाद इस नंबर के लिए नए बल्लेबाज की तलाश शुरू हुई थी. रायडू की वनडे में 50 का औसत है. अच्छे-अच्छे खिलाड़ियों की इतनी औसत नहीं है. जब भी टीम का कप्तान बदलता है तो वो खिलाड़ी हमेशा टीम से बाहर होते हैं जो जी-हुजूरी नहीं करते. मुझे लगता है ये वही खिलाड़ी हैं.' बता दें रायडू को वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुना गया था और उसके बाद टीम इंडिया ने इस पोजिशन पर विजय शंकर और ऋषभ पंत जैसे गैरअनुभवी लोगों को मौका दिया, जिसका खामियाजा टीम ने सेमीफाइनल में हार के साथ भुगता.
मुंबई के खिलाफ रन बनाने की वजह है खास!
अजय जडेजा ने आगे कहा,'रायडू उन खिलाड़ियों में से हैं जो याद रखते हैं चीजें, इन्हें बातें चुभती हैं. मुंबई इंडियंस ने रायडू को छोड़ा हुआ है. और जब से छोड़ा है ये हमेशा मुंबई के खिलाफ रन बनाते हैं. हमेशा चेन्नई को रायडू ने ही जिताया है. इनका इंटरनेशनल करियर छोटा रहा है लेकिन ये बड़ा खिलाड़ी है. अगर 2-3 घटनाएं करियर में नहीं हुई होती तो ये टीम इंडिया में खेल रहे होते.'

0 Comments