मेलबोर्न : भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गयी है। मेलबर्न में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा दिया। एडिलेड में खेले गये पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद आॅस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज स्पिनर गेंदबाज शेन वॉर्न ने बेतुका बयान दिया था।
क्या कहा था वार्न ने
एडिलेड टेस्ट हार के बाद शेन वॉर्न ने कहा था कि एडीलेड टेस्ट में शमर्नाक हार से भारतीय क्रिकेट टीम अभी भी सहमी हुई होगी और आस्ट्रेलियाई टीम बॉक्सिंग डे टेस्ट में उसकी धज्जियां उड़ा देगी। वॉर्न ने फॉक्स क्रिकेट से कहा था, मुझे लगता है कि आस्ट्रेलियाई टीम उनकी धज्जियां उड़ा देगी। वॉर्न का कहना था कि भारतीय बल्लेबाजों को दोष देने की बजाय आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों की तारीफ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, मैं आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को श्रेय दूंगा, जिन्होंने इतनी उम्दा गेंदबाजी की। चारों गेंदबाज और कैमरुन ग्रीन ने शानदार प्रदर्शन किया। ये महान गेंदबाज बनते जा रहे हैं।
माइकल वॉन का बयान
वॉर्न अकेले नहीं थे जिनका ये कहना था। इनके साथ ही इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी रहे माइकल वॉन ने भी भारतीय टीम के लिए कुछ ऐसा ही बयान दिया था। माइकल वॉन ने सीरीज की शुरुआत में भविष्यवाणी की थी भारत 4-0 से सीरीज गंवाकर लौटेगा। उन्होंने कहा था कि भारत को आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-4 से हार का सामना करना पड़ सकता है। वॉन ने कहा था कि अगर एडिलेड में आस्ट्रेलिया टीम जीत हासिल कर लेती है तो इसके बाद अगले तीन मैचों में विराट कोहली नहीं होंगे और फिर आस्ट्रेलिया 4-0 से सीरीज जीत सकती है। वॉन ने कहा कि भारत ने जब 2018-19 में आस्ट्रेलिया का दौरा किया था, तब से लेकर अब तक आस्ट्रेलिया ने काफी सुधार किया है। वॉन ने हालांकि इससे पहले भी कहा था कि भारत को आस्ट्रेलिया दौरे पर तीनों फॉर्मेट में हार का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन उनकी यह भविष्यवाणी गलत साबित हुई क्योंकि भारत ने वनडे सीरीज हारने के बाद टी-20 सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की।
0 Comments