
देश में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, मंगलवार को पिछले 24 घंटे के दौरान 1,329 नए कोरोना संक्रमण के केस आए हैं और 44 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देश में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 18,985 हो गए हैं, जिनमें से 15,122 सक्रिय केस हैं जिनका इलाज किया जा रहा है। 3,260 लोगों का इलाज कर उन्हें घर भेजा जा चुका है और 603 लोगों की इस महामारी से जान जा चुकी है।
तमिलनाडु में आज 76 नए केस
तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण के 76 नए मामले सामने आए हैं और एक की मौत हो गई है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,596 हो गए हैं और अब तक इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
चंडीगढ़ के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, यहां पर कोरोना संक्रमण के मंगलवार तक कुल 27 केस में से 14 मरीजों को इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
छत्तीसगढ़ में पिछले 5 दिनों से कोई नया केस नहीं
छत्तीसगढ़ में पिछले 5 दिनों से कोरोना का कोई नया केस नहीं आया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खत लिखते हुए कहा कि अब तक कोविड-19 के कुल 36 केस राज्य में आए हैं। इनमें से 25 लोगों का इलाज कर उन्हें घर भेजा जा चुका है जबकि 11 कोरोना संक्रमित मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। करीब 500 लोगों की रोजाना जांच हो रही है। बघेल ने राज्य में कल्याणकारी योजनाओं को चालू रखने और आर्थिक गतिविधियों को बहाल करने के लिए अगले तीन महीने में केन्द्र से 30 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक सहायता की मांग की है।
0 Comments