बिहार में कोरोना के खिलाफ जंग लगातार जारी है. सरकार और प्रशासन के प्रयासों के बाद भी बिहार में कोरोना विस्फोट जारी है. हर पल आंकड़े बदल रहे हैं. पिछले 5 दिनों में 80 से ज्यादा मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. पटना भी रेड जोन में आ गया है. पटना के खाजपुरा इलाके से सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं.
इसी बीच एक बड़ी ख़बर ये है कि एक शख्स जो पटना के आईजीआईएमएस में टीबी का इलाज कराने पहुंचा था, वो कोरोना पॉजिटिव पाया गया है.
22 अप्रैल को टीबी के इलाज के लिए हुआ था भर्ती
जानकारी के मुताबिक टीबी का ये मरीज अपने इलाज के लिए 22 अप्रैल को पटना के आईजीआईएमएस के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हुआ था. बड़ी ख़बर ये है कि इस मरीज का कोरोना जांच पॉजिटिव आया है. इसके बाद अस्पताल के कई डॉक्टरों को भी क्वारेंटाइन कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि डॉक्टर, नर्स समेत 25 स्वास्थ्य कर्मियों को क्वारेंटाइन किया गया है.
आईजीआईएमएस प्रशासन के मुताबिक, सीवान का 30 वर्षीय मरीज 22 अप्रैल को शाम सात बजे भर्ती हुआ था. वह मल्टी ड्रग रेसिस्टेंट टीबी (मेडिसिन फेल्योर टीबी) का मरीज था. पीड़ित युवक को एडमिट करने के बाद एमडीआर वार्ड में भेज दिया गया. उसका कोविड-19 टेस्ट 23 अप्रैल को सुबह भेजा गया था. देर रात आई रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकला.
युवक के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना मिलने के बाद पूरे वार्ड को खाली कर दिया गया. और पूरे एमडीआर वार्ड को रात में ही सैनिटाइज कर सील कर दिया गया. कोरोना संक्रमित मरीज को इलाज के लिए एनएमसीएच भेज दिया गया है. अब मरीज का इलाज करनेवाले सभी लोगों का भी कोरोना टेस्ट किया जाएगा.
बिहार में कोरोना विस्फोट लगातार जारी है. कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा अब तक 182 हो चुका है. 44 मरीजों को ठीक किया जा चुका है जबकि 2 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है. पिछले कुछ दिनों में बिहार में पॉजिटिव मरीजों की तादाद बढ़ी है. पटना का खाजपुरा इलाका भी रेड जोन में तब्दील हो गया है.

0 Comments