
कोरोनावायरस के चलते पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था की रफ़्तार थम गई है. विशेषज्ञों ने कोरोनावायरस के चलते वैश्विक मंदी आने की आशंका जताई है. इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कोरोनावायरस के असर से बचने के लिए कुछ सुझाव दिए हैं. राजन ने कहा कि कोरोनावायरस (Coronavirus) महामारी की वजह से देश "आज़ादी के बाद के सबसे आपातकालीन" दौर में है.
उन्होंने कहा कि सरकार को ग़रीबों पर ख़र्च करने और कम ज़रूरी व्यय को टालने पर ध्यान देना चाहिए. राजन ने कहा कि यदि सरकार सारे काम प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से चलाने पर ज़ोर देती है तो इसमें ज़्यादा समय लगेगा. वहां लोगों के पास पहले से ही काम का बोझ ज्यादा है. उन्होंने कहा कि सरकार को इससे निकलने के लिए विपक्षी दलों समेत विशेषज्ञों की मदद लेनी चाहिए.
रघुराम राजन ने लिंक्डइन पर लिखे ब्लॉग पोस्ट में ग़रीबों पर ख़र्च करने की तरफ़ सरकार का ध्यान खींचा है. उन्होंने 'हालिया समय में संभवत: भारत की सबसे बड़ी चुनौती’ शीर्षक से एक ब्लॉग पोस्ट में यह टिप्पणी की. उन्होंने कहा, ''यह आर्थिक लिहाज से संभवत: आज़ादी के बाद की सबसे बड़ी आपात स्थिति है. 2008-09 के वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान मांग में भारी कमी आई थी, लेकिन तब हमारे कामगार काम पर जा रहे थे, हमारी कंपनियां सालों की ठोस वृद्धि के कारण मज़बूत थीं, हमारी वित्तीय प्रणाली बेहतर स्थिति में थी और सरकार के वित्तीय संसाधन भी अच्छे हालात में थे. अभी जब हम कोरोनावायरस महामारी से जूझ रहे हैं, इनमें से कुछ भी सही नहीं हैं.”
हालांकि उन्होंने कहा कि यदि उचित तरीके तथा प्राथमिकता के साथ काम किया जाए तो भारत के पास ताक़त के इतने स्रोत हैं कि वह महामारी से न सिर्फ उबर सकता है बल्कि भविष्य के लिए ठोस बुनियाद भी तैयार कर सकता है.
कोरोनवायरस लॉकडाउन के बाद की योजना को लेकर पूर्व गवर्नर राजन ने कहा कि यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि ग़रीबों और कम आय वाले मध्य वर्ग का जीवनयापन हो सके, जिन्हें लंबे समय के लिए काम करने से रोका गया. केंद्र और राज्यों को मिलकर रणनीति बनानी होगी और अगले कुछ महीनों तक आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के जरिए पैसे डालने होंगे.
उन्होंने कहा, ''21 दिनों का लॉकडाउन (बंद) पहला कदम है. इससे हमें बेहतर तैयारी करने का समय मिला है. सरकार हमारे साहसी चिकित्सा कर्मियों के सहारे लड़ रही है और जनता, निजी क्षेत्र, रक्षा क्षेत्र, सेवानिवृत्त लोगों समेत हरसंभव संसाधन का इस्तेमाल करने की तैयारी में है. हालांकि सरकार को गति कई गुणा तेज करने की ज़रूरत है.”

देश में तेज़ी से बढ़ रहे हैं मामले
राजन ने कहा कि हम लंबे समय तक लॉकडाउन नहीं सह सकते हैं. ऐसे में हमें इस बात पर विचार करना होगा कि किस तरह से संक्रमण को सीमित रखते हुए आर्थिक गतिविधियों को पुन: शुरू करें. उन्होंने कहा, ''भारत को अब इस बारे में भी योजना तैयार करने की ज़रूरत है कि लॉकडाउन के बाद भी वायरस पर क़ाबू नहीं पाया जा सका तब क्या किया जाएगा.”
उन्होंने कहा कि सरकार इस काम में विपक्ष से भी मदद ले सकती है, जिसके पास पिछले वैश्विक वित्तीय संकट से देश को निकालने का अनुभव है. रघुराम राजन ने कहा कि अभी तो इस महामारी से लड़ने के लिए बड़े पैमाने पर टेस्टिंग, क्वारंटाइन और सोशल डिस्टेंसिंग की ज़रूरत है. 21 दिन का लॉकडाउन वायरस से लड़ने की दिशा में पहला कदम है, जिसने तैयारी करने का समय दिया.
0 Comments