पेड़ पर चढ़ी यह लड़की, बोली-मेरी किसी से शादी करा दो, तब मैं नीचे उतरूंगी  

पेड़ पर चढ़ी नारी निकेतन की संवासिनी, बोली-मेरी किसी से शादी करा दो, तब मैं नीचे से उतरूंगी  


शोले फिल्म का सीन मंगलवार को प्रेमनगर के सीआई पार्क में दोहराया गया। शोले फिल्म में बसंती से शादी के लिए वीरू पानी की टंकी पर चढ़ जाता है। मंगलवार को नारी निकेतन की एक मानसिक विक्षिप्त संवासिनी किसी से शादी कराने की जिद पर अड़ गई। नारी निकेतन के पेड़ के जरिये सीआई पार्क के पेड़ पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे ड्रामा चलता रहा। प्रेमनगर पुलिस के साथ बिजली और फायर विभाग अपनी हाइड्रोलिक ट्रॉली लेकर पहुंच गए। समझाने के बाद किसी तरह संवासिनी पेड़ से नीचे उतारी जा सकी। 

उत्तराखंड की 32 वर्षीय संवासिनी को पिछले महीने 21 मार्च को नवाबगंज एसडीएम के आदेश पर नारी निकेतन भेजा गया था। संवासिनी थोड़ी मानसिक विक्षिप्त है। उसे उत्तराखंड से बहला-फुसलाकर कोई व्यक्ति दिल्ली ले जा रहा था। वह रास्ते से भाग गई थी। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के गांव में महिला के दो बच्चे और पति भी है। महिला अक्सर नारी निकेतन में बाहर का खाना और घूमने की जिद करती है। कई बार घर भेजने की जिद भी कर चुकी है।

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे संवासिनी नारी निकेतन के पेड़ पर चढ़ गई। देखते ही देखते वह नारी निकेतन से सटे सीआई पार्क के पेड़ पर पहुंच गई। प्रेमनगर पुलिस और नारी निकेतन के अधिकारी समझाते रहे। संवासिनी उतरने को तैयार नहीं थी। बिजली विभाग, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुला ली गईं। हाईड्रोलिक ट्रॉली में दो महिला सिपाही पेड़ पर गईं। संवासिनी को समझाकर नीचे लाईं। संवासिनी किसी से शादी कराने की जिद पर अड़ गई। डीपीओ नीता अहिरवार ने नारी निकेतन पहुंचकर संवासिनी से बात की। संवासिनी ने कहा कि उसकी किसी व्यक्ति से शादी करा दो। उत्तराखंड में अपने गांव जाना नहीं चाहती। नारी निकेतन में भी नहीं रहना चाहती।

लॉकडाउन की वजह से फिलहाल संवासिनियों को कहीं नहीं भेजा जा सकता। वह किसी से शादी कराने की जिद कर रही है। पेड़ पर चढ़कर उसने ड्रामा किया। हम लॉकडाउन के बाद उसको उत्तराखंड के शरणालय भेजेंगे।

Post a Comment

0 Comments