मयंती लैंगर ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लगाई थी डांट, मैदान पर कर रहे थे बदतमीजी!

मयंती लैंगर ने लगाई थी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को डांट


नई दिल्ली. मयंती लैंगर...इस नाम से आज दुनिया के सभी क्रिकेट फैंस वाकिफ हैं. मयंती लैंगर दुनिया की सबसे मशहूर स्पोर्ट्स एंकर में से एक हैं. मयंती लैंगर अकसर भारत के मुकाबलों में एंकरिंग करती दिखाई देती हैं और सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स भी हैं. मयंती लैंगर (Mayanti Langer) पिछले 5-6 सालों में बहुत बड़ा नाम बन गई हैं लेकिन आपको बता दें उन्होंने करियर की शुरुआत में काफी स्ट्रगल किया था. हालांकि करियर के शुरुआती दिनों से ही वो बेहद आत्मविश्वासी थीं और एक बार तो उन्होंने बीच मैदान पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को डांट दिया था.

जब मयंती लैंगर ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लगाई डांट

मयंती लैंगर (Mayanti Langer) को साल 2008 में उस वक्त पहचान मिली जब वो ICL 20-20 में एंकरिंग करती थीं. मयंती लैंगर ने क्रिकेट की इस बागी लीग में अपनी अलग छाप छोड़ी थी. हालांकि इस टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जब मयंती लैंगर ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों को बीच मैदान पर डांट दिया. दरअसल साल 2008 में ICL का फाइनल मैच हैदराबाद हीरोज और लाहौर बादशाह के बीच हुआ था. खिताबी भिडंत में लाहौर बादशाह ने हैदराबाद हीरोज को 8 विकेट से हरा दिया.

लाहौर बादशाह की जीत के हीरो रहे थे ओपनर इमरान नजीर, जिन्होंने फाइनल मैच में नाबाद शतक ठोका था. इमरान नजीर ने 44 गेंदों में नाबाद 111 रन ठोक हैदराबाद हीरोज की ओर से दिए गए 159 रनों के लक्ष्य को छोटा साबित कर दिया. लाहौर की टीम ने महज 13.5 ओवर में ही जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया. खिताबी जीत के बाद इमरान नजीर जब मैदान से बाहर आ रहे थे तो मयंती लैंगर ने उनसे बातचीत की. मयंती लैंगर उनसे सवाल पूछ ही रही थी कि तभी लाहौर के दूसरे खिलाड़ी इमरान नजीर के बालों को छेड़ने लगे. इमरान नजीर इस वजह से जवाब नहीं दे पा रहे थे. ऐसे में मयंती लैंगर ने उनकी ओर देखकर तेज आवाज में कहा- उसे बोलने तो दो भाई. मयंती लैंगर की बात सुनकर पाकिस्तान के खिलाड़ी ठिठक से गए और एकतरफ खड़े हो गए.


आईपीएल में कर दिया गया था खारिज

बता दें मयंती लैंगर (Mayanti Langer) आज भले ही बहुत बड़ी एंकर हों लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब उन्हें आईपीएल में 4 बार खारिज कर दिया गया था. एक मैग्जीन के साथ खास बातचीत में मयंती लैंगर ने कहा था, 'मुझे 4 बार आईपीएल से रिजेक्ट किया गया. आईपीएल 2011 से पहले मुझे कहा गया कि आप ही हमारा शो होस्ट करेंगी लेकिन इसके बाद उन्होंने मुझे दोबारा फोन कर कहा कि अभी आपने वर्ल्ड कप होस्ट किया है और ये आप नहीं कर सकती हमें नया चेहरा चाहिए.' मयंती ने हार मान ली थी लेकिन इसके बाद साल 2018 में स्टार स्पोर्ट्स ने आईपीएल के ब्रॉडकास्टिंग अधिकार हासिल कर लिये और अब मयंती लैंगर ही दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग को होस्ट करती हैं.

Post a Comment

0 Comments