
7th pay commission : सरकारी कर्मचारियों के लिए यह राहत भरी खबर है। देश में कोरोना संकट के चलते लॉकडाउन चल रहा है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने हाल ही में शासकीय कर्मचारियों के वेतन में कटौती करने का निर्णय लिया था। उससे पहले तेलंगाना राज्य सरकार भी यह कदम उठा चुकी थी। लेकिन उत्तर प्रदेश शासन ने अपने कर्मचारियों को राहत देते हुए बकाये के भुगतान को आगामी 30 जून, 2020 तक की अवधि के लिए टाल दिया है।
सरकार का कहना है कि अब किसी भी प्रकार का बकाया 30 जून के बाद ही जारी होगा। योगी आदित्यनाथ की सरकार ने यह अहम फैसला लिया है कि कर्मचारियों के वेतन, पेंशन, भत्ते एवं मानदेय का संपूर्ण भुगतान जारी किया जाएगा। इस निर्णय के चलते अब कर्मचारियों के वेतन में उक्त अन्य राज्यों की तरह किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाए।
उप्र के अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्त ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार सरकार अन्य खर्चों पर नियंत्रण करेगी। इस प्रकार के निर्णयों के बाद ही कोरोना वायरस के घातक संक्रमण के चलते उपजे हालातों के लिए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
अन्य राज्य सरकारों द्वारा वेतन में कटौती किए जाने के कदम के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि उत्तर प्रदेश की सरकार के मंत्रियों व विधायकों के वेतन में कटौती के साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए भी ऐसा ही कुछ तय किया जा सकता है। हालांकि गत माह राजस्थान सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत का इजाफा किया। इस निर्णय के बाद अब वहां कर्मचारियों का डीए 12 से बढ़कर 17 प्रतिशत हो गया है।
पंजाब सरकार दे चुकी है कर्मचारियों को सुविधा
पंजाब में कोरोना वायरस संकट के चलते राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को पूरा वेतन देगी। राज्य के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के मुताबिक कोरोना के कारण राज्य में वित्तीय संकट है लेकिन इसके बावजूद राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को पूरा वेतन देगी। पंजाब सरकार ने जिलों को अब तक 150 करोड़ रुपये राहत कार्यों के लिए जारी किए हैं।
हरियाणा में भी समय से मिलेगा वेतन, लाॅकडाउन में
हरियाणा में भी कोरोना वायरस का असर सरकारी कर्मचारियों के वेतन पर नहीं पड़ेगा। लाॅकडाउन की अवधि में समस्त कर्मचारियों का वेतन सरकार पूरे समय से जारी करेगी। यहां शासकीय कर्मचारियों का वेतन वर्तमान माह की आखिरी तारीख या फिर आगामी महीने की पहली तारीख को खातों में पहुंच जाता है।
0 Comments