नमक ने बिगाड़ा बाजार का स्वाद, तीन से पांच गुनी कीमत में बिकी, लोगों में मचा हड़कंप ...



 दो दिन बाद सोमवार को खुले बाजार का स्वाद नमक ने बिगाड़ दिया। दरअसल, बाजार बंद होने के दौरान अफवाह उड़ी कि लाकडाउन के कारण नमक की रैक नहीं आ रही है और बाजार में इसका स्टाक खत्म होने की स्थिति है। देखते ही देखते नमक के लिए दुकानों में भीड़ उमडऩे लगी। तीन से पांच गुनी कीमत में नमक की बिक्री होने की शिकायत मिलने के बाद सुबह से प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और पूरे शहर में जांच शुरु कर दी गई। प्रशासन की टीम ने दो दुकानों में गड़बड़ी पाए जाने पर सील करने की कार्रवाई की है। कलक्टर जयप्रकाश मौर्य ने साफ किया है कि नमक की कहीं कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए पिछले डेढ़ महीने से ज्यादा समय से लागू लाकडाउन के बाद ग्रीन जोन में शामिल राजनांदगांव में कई तरह की व्यवसायिक गतिविधियों की छूट दी गई है। हालांकि यहां किराना दुकानों को लाकडाउन के दौरान भी खुली होने की इजाजत मिली हुई थी लेकिन राज्य शासन के फैसले के बाद शनिवार और रविवार को टोटल लाकडाउन के तहत किराना दुकानें दो दिन बंद रहीं। इस बीच रविवार को सुनियोजित तरीके से अफवाह फैलाई गई कि नमक की रैक लाकडाउन के कारण नहीं आ रही है और इसका शार्टेज हो गया है। इस अफवाह के बाद लोग नमक खरीदने निकल गए और आमतौर पर एक दो पैकेट की खरीदी करने वालों ने दर्जन आधा दर्जन पैकेट खरीद लिए। इसके चलते कई दुकानों में स्टाक कम हो गया। कई व्यापारियों ने इसका फायदा उठाते हुए दस से पंद्रह रुपए वाला नमक 50 रुपए तक में बेजा।

34 दुकानों में जांच

बाजार में नमक उपलब्ध नहीं होने और अधिक दर पर बेचे जाने की सूचना मिलने के बाद कलक्टर जयप्रकाश मौर्य ने अधिकारियों की टीम बनाकर पूरे जिले में 34 स्थानों में जांच कराई। जांच में राजू किराना स्टोर्स रामदेव बाबा मंदिर के सामने पुराना गंज चौक राजनांदगांव और अमर किराना स्टोर्स रेलवे क्रासिंग के पास तुलसीपुर में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर नमक बेचना पाया गया। अधिकारियों की टीम ने दोनों किराना स्टोर्स को सील करने की कार्रवाई की है। कलक्टर मौर्य ने इसी मामले में खाद्य विभाग के अधिकारियों को अधिक दर पर नमक विक्रय किया जाना पाए जाने पर दुकानों को सील करते हुए संबंधित के विरूद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

फूड अफसर ने कहा- दुकानों में पर्याप्त नमक

जिला खाद्य अधिकारी किशोर कुमार सोमावार ने बताया कि कलेक्टर मौर्य के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, खाद्य अधिकारी, तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक तथा नगरी निकायों के अधिकारियों द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की दुकानों की लगातार जांच की गई। जांच के दौरान राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में दो दुकानों में अधिक दर पर नमक बेचने की शिकायत सही पाई गई। अन्य दुकानों में की गई जांच में पर्याप्त मात्रा में नमक होना पाया गया।

अफसरों ने कराई खरीदी तब हुई कार्रवाई

खाद्य अधिकारी सोमावार ने बताया कि अधिक दर पर नमक बेचने की शिकायत के संबंध में अधिकारियों ने गोपनीय रूप से नमक की खरीदी खुदरा दुकानों से कराई। इन दुकानों में उचित दर पर नमक का विक्रय नहीं किया जाना पाया गया।

पर्याप्त है स्टाक

सोमावार ने बताया कि जिले की दुकानों में पर्याप्त मात्रा में नमक उपलब्ध है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों से वितरित किए जाने वाले नमक का भी पर्याप्त स्टॉक शासकीय गोदामों में उपलब्ध है। सोमावार ने बताया कि नमक के पैकेट में उल्लेखित अंकित मूल्य से अधिक मूल्य पर नमक का विक्रय नहीं किया जाएगा। ऐसे नमक पैकेट जिनमें अधिकतम विक्रय मूल्य अंकित नहीं है। उन्हें 10 रूपए प्रति किलो की दर से बेचा जाएगा। निर्धारित दर से अधिक दर पर विक्रय किए जाने के संबंध में शिकायत खाद्य विभाग के कन्ट्रोल रूम नंबर 78984-10930 पर दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित दुकान को सील करते हुए दुकानदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शपथ-पत्र के साथ करें शिकायत

कलेक्टर मौर्य ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कही पर भी नमक की कमी नहीं है। नमक की दो रेक पहले से ही अनलोड हो रही है। उपभोक्ताओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है। मौर्य ने कहा कि जिन लोगों ने अधिक मूल्य पर नमक की खरीदी की है, वे एसडीएम आफिस में जाकर शपथ पूर्वक शिकायत कर सकते हैं। शिकायत की जांच की जाएगी।

होगी दंडात्मक कार्रवाई

कलक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जयप्रकाश मौर्य ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जनहित को ध्यान में रखते हुए जिले में नमक के खुदरा विक्रय के संबंध में आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि नमक पैकेट में अंकित विक्रय मूल्य से अधिक मूल्य पर नमक का विक्रय नहीं किया जाएगा। निर्धारित दर से अधिक दर पर नमक का विक्रय किए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments