
पटना - बिहार में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच चार जिले भागलपुर, बेगूसराय, मधुबनी और पटना में संक्रमितों का आंकड़ा तीन सौ के पार हो गया वहीं राज्य में कुल पॉजिटिव की संख्या 6662 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पटना में संक्रमितों की संख्या सबसे अधिक 330 है । वहीं भागलपुर में 327, मधुबनी में 304 और बेगूसराय में 308 है । खगड़िया, रोहतास, सीवान और मुंगेर भी तीन सौ के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गया है ।
विभाग की सोमवार देर शाम जारी जांच रिपोर्ट में सीवान में 16, पूर्णिया में 14, दरभंगा में आठ, बेगूसराय में सात, शेखपुरा में पांच, कटिहार में चार, सारण और सहरसा में तीन-तीन, जमुई, औरंगाबाद, वैशाली, बांका, मुंगेर और मुजफ्फरपुर में दो-दो तथा जहानाबाद, पटना, रोहतास, नवादा, गया, नालंदा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज और मधुबनी में एक-एक समेत कुल 81 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं।
इससे पूर्व रविवार देर रात की जारी रिपोर्ट में मुजफ्फरपुर में 16, पूर्वी चंपारण और मधुबनी में 11-11, पूर्णिया में आठ, दरभंगा और पश्चिम चंपारण में सात-सात तथा औरंगाबाद, गया, सहरसा और सुपौल में पांच-पांच व्यक्ति कोरोना संक्रमण का शिकार हुए हैं। साथ ही अरवल में चार, जहानाबाद, किशनगंज और मधेपुरा में तीन-तीन, बेगूसराय, खगड़िया और नालंदा में दो-दो तथा बांका, भागलपुर, कैमूर, नवादा, समस्तीपुर, शिवहर और सीतामढ़ी में एक-एक समेत कुल 106 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें 21 महिलाएं शामिल हैं। इस तरह पिछले चौबीस घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 187 नये मामले पाए जाने के बाद बिहार में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6662 हो गई है।
इस बीच मधुबनी और मुजफ्फरपुर जिले में दो कोरोना संक्रमित की मौत की पुष्टि के बाद राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने यहां बताया कि मधुबनी जिले के रहने वाले 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है। यह व्यक्ति हाल ही में मुंबई से मधुबनी आए थे और उनकी तबीयत पहले से ही खराब थी। इसी तरह मुजफ्फरपुर जिले के 72 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत के बाद काेरोना संक्रमित होने की पुष्टि आज आई रिपोर्ट से हुई है। ये अभी हाल ही में दिल्ली आए थे। इस तरह बिहार में कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। कोरोना संक्रमण से मधुबनी जिले में होने वाली यह पहली मौत है जबकि मुजफ्फरपुर में इससे पूर्व भी एक कोरोना पॉजिटिव की मौत हो चुकी है।
0 Comments