
नई दिल्ली. केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जांच की क्षमता बढ़ाने और इस महामारी से संक्रमित लोगों के लिए बिस्तरों की उपलब्धता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किए जाने के बीच भारत में सोमवार को कोरोना वायरस (Coronavirus In India)के मरीजों की संख्या बढ़कर तीन लाख 30 हजार के पार हो गई और मृतकों की संख्या भी 9,500 से ज्यादा हो गई है.
देशभर में चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन से बाहर निकलने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार और बुधवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा केंद्रशासित क्षेत्रों के प्रशासकों के साथ इस महामारी पर लगाम लगाने के प्रयासों को लेकर चर्चा करेंगे.
तमिलनाडु में बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश सरकार ने सोमवार को कहा कि चेन्नई और आसपास के इलाकों में 19 जून से 30 जून तक फिर से पूर्ण लॉकडाउन लगाया जाएगा, और उस दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं की इजाजत होगी. यह फैसला एक विशेषज्ञ पैनल के सुझाव के बाद लिया गया जिसने राज्य में वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन की रियायतों को कम करने को कहा था.
0 Comments