यूपी: दूल्हे का बड़ा भाई निकला कोरोना संक्रमित, बरातियों और जनातियों में फैल गई दहशत, नहीं विदा हुई दुल्हन



हमीरपुर जिले में विदाई के दौरान सोमवार को दूल्हे के बड़े भाई के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद दुल्हन की विदाई का कार्यक्रम रोक दिया गया। दूल्हे के भाई के संक्रमित होने की सूचना पर बरातियों और जनातियों में दहशत फैल गई।

कुरारा क्षेत्र के मंगलपुर गांव निवासी युवक अपनी मां के साथ दिल्ली में रहकर ऑटो चलाता है, जबकि पिता शिमला में मजदूरी करते हैं। ये लोग चार दिन पहले ही गांव लौटे थे। गांव लौटने पर युवक और उसकी मां के कोरोना जांच के सैंपल लिए गए थे।

रविवार को युवक के छोटे भाई की बरात कुरारा क्षेत्र के क्योटरा गांव गई थी। बरात में लड़के पक्ष की ओर से करीब 18 लोग शामिल हुए थे। रविवार की रात शादी की रस्में पूरी होने के बाद सोमवार की सुबह दुल्हन की विदाई के समय मां और बेटे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

स्वास्थ्य विभाग ने दूल्हे के बड़े भाई को फोन कर उसके संक्रमित होने की सूचना दी। संक्रमित होने की जानकारी पर युवक वहां से चला गया। उधर, जैसे ही दूल्हे के भाई के संक्रमित होने की जानकारी बरातियों और जनातियों को हुई तो लड़की पक्ष दुल्हन को विदा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा बरातियों संग घर के लिए पैदल ही निकल पड़ा। 

Post a Comment

0 Comments