सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, बोले- क्यों बिना कुछ कहे हमेशा के लिए सो गए

अमिताभ बच्चन ने इमोशनल पोस्ट शेयर किया है.


मुंबई. 'क्यों..क्यों...क्यों?' बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) भी इस बात का यकीन नहीं कर पा रहे हैं. सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) ने आत्महत्या कर सभी को सकते में डाल दिया है. उनकी मौत से पूरा बॉलीवुड और देश गमगीन है. 34 साल की उम्र में ये कदम उठाना हर किसी के जेहन में कई सवाल खड़े कर रहा है. कोई ये समझ नहीं पा रहा है कि सुशांत की प्यारी सी मुस्कान के पीछे कितना दर्द था, जिसे वह किसी के साथ बांट नहीं सके और आत्महत्या कर हजारों सवालों को अपनी पीछे छोड़ गए. अमिताभ बच्चन को तो यकीन ही नहीं हो पा रहा कि सुशांत अब इस दुनिया में नहीं रहे. उन्होंने भावुक होकर सुशांत के लिए एक लंबा पोस्ट लिखा है.

अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं. बॉलीवुड का एक और नगीना जब दुनिया से अलविदा कह गया तो उन्होंने भावुक होकर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के लिए एक लंबा पोस्ट लिखा और कहा- 'क्यों..क्यों...क्यों? क्यों सुशांत सिंह राजपूत? आपने अपनी जिंदगी खत्म क्यों कर ली? आप शानदार अभिनेता थे. आपकी शानदार प्रतिभा .. आपका शानदार दिमाग. बिना कुछ कहे, बिना कुछ मांगे हमेशा के लिए सो गए.'


उनकी तारीफ करते हुए उन्होंने आगे कहा- 'वे कई बार जिंदगी के फलसफे में डूबकर खुद को पेश करते थे. लोग उनकी इस गहराई से या तो अचंभित हो जाया करते थे या फिर बेपरवाही से उसकी ताकत का अर्थ नहीं समझ पाते थे. कुछ आश्चर्य किया करते थे तो कुछ आई-गई बात समझकर टाल दिया करते थे. कुछ के लिए ये हल्की-फुल्की चुहलबाजी से ज्यादा और कुछ नहीं था.'

सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी की तारीफ करते हुए उन्होंने आगे लिखा- 'मैंने 'धोनी' में उनका पूरा काम देखा. फिल्म उनके यादगार परफॉर्मेंस को सहेजे हुए है. सुशांत ने जब भी कभी बात की या संवाद किया तो उनके अंदर कुछ ऐसा था, जो अनकहा रह गया.'

अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'सुशांत के साथ एक मुलाकात में मैंने पूछा था कि उन्होंने इंटरनेशनल टूर्नामेंट में धोनी के उस शॉट को कैसे मैनेज किया था, जो उन्होंने छक्का मारकर जीता था. उनका जवाब था कि इसके लिए उन्होंने धोनी का वीडियो 100 बार देखा था और ये उनके प्रोफेशनल एफर्ट की गंभीरता को दिखाता है.'

बिग बी ने कहा कि वह हमारे समय के टैलेंटेड कोरियोग्राफर श्यामक डावर के शोज में डांसर्स के ग्रुप में चौथी लाइन का हिस्सा हुआ करते थे. वहां से उठकर, आज वे जहां थे, वहां तक पहुंचना अपने आपमें एक कहानी है. उन्होंने कहा कि किस तरह का मन एक व्यक्ति को आत्महत्या की ओर ले जाता है एक अनंत रहस्य है. सबसे अधिक लाभकारी जीवन समाप्त करने के लिए, बस अनुमति नहीं है.

Post a Comment

0 Comments