फिल्म धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान का किरदार निभाने वाले सुशांत सिंह राजपूत द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद से हर कोई सकते में है. फिल्म जगत से लेकर क्रिकेट के सितारों ने भी सुशांत की इस तरह 34 साल की उम्र में मृत्यु पर दुख प्रकट किया. इस कड़ी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर शेन वॉटसन की प्रतिक्रिया भी सामने आई है..
वॉटसन ने ट्विटर के माध्यम से बताया कि वह किस तरह धोनी की बायोपिक में सुशांत के अभिनय से प्रभावित हुए थे. "मैं सुशांत के बारे में लगातार सोच रहा हूं. यह बेहद दुखद है. अनटोल्ड स्टोरी में कई बार आप भूल जाते हो कि ये सुशांत है या धोनी. शानदार कलाकार और अब विश्व उनके यहां न होने से खाली सा हो गया है. जल्दी चले गए.
सुशांत को सबसे पहले उनके घरेलू नौकर ने रविवार की सुबह बांद्रा स्थित आवास पर फांसी पर लटका देखा था. वह कथित तौर पर पिछले कुछ महीनों से अवसाद से जूझ रहे थे और उसी का इलाज भी करा रहे थे. पिछले कुछ महीनों के उनके सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट से पता चलता है कि उन्होंने अपने मन की स्थिति से लड़ने के लिए योग और ध्यान की भी कोशिश की थी..
अभिनेता बिहार से हैं और मुंबई शिफ्ट होने से पहले पटना और नई दिल्ली में पढ़े थे. 'पवित्र रिश्ता' के साथ छोटे पर्दे पर खुद को स्थापित करने के बाद, उन्होंने फिल्म 'काई पो चे!' के साथ बड़े पर्दे पर डेब्यू किया. वह 'शुद्ध देसी रोमांस', बायोपिक 'एम.एस.धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी', 'केदारनाथ' और 'छिछोरे' सहित कई फिल्मों में अपने अभिनय के लिए सराहे गए थे..
0 Comments