
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स (File Photo)
नई दिल्ली. माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स (Bill Gates) ने कहा है कि उनकी संस्था बिल एंड मिलिंडा गेट्स (Bill & Milinda Gates Foundation) का पूरा ध्यान कोरोना वायरस की वैक्सीन तैयार करने पर है. उन्होंने बताया कि यह फाउंडेशन 40 अरब डॉलर (करीब 3 लाख करोड़ रुपये) से ज्यादा खर्च करने की तैयारी में है. दुनियाभर में कोरोना वायरस से अब तक 2 लाख से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं. साथ ही, वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है. फाइनेंशियल टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में बिल गेट्स ने यह बात कही है.
इस इंटरव्यू में एक सवाल के जवाब में गेट्स ने कहा, 'कई सालों तक आप एक ऐसी अर्थव्यवस्था में रहेंगे जहां आर्थिक गतिविधियां बड़े स्तर पर कम हो जाएंगी. वैश्विक अर्थव्यवस्था को इस महामारी की कीमत अरबों डॉलर में चुकानी होगी.'
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए क्या कर रहे हैं गेट्स?
बिल गेट्स के इस फाउंडेशन ने अब तक कोरोना वायरस से लड़ने के लिए करीब 25 करोड़ डॉलर का योगदान दिया है. बिल एंड मिलिंडा फाउंडेशन अन्य खतरनाक बीमारियों के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाली संस्थाओं को भी अपने साथ जोड़ रहा है. गेट्स ने कहा, 'हमने एक ऐसी संस्था से संपर्क किया है जो एचआईवी, मलेरिया और पोलियो को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रहा है. अब इन संस्था का पूरा फोकस हमने कोरोना वायरस की तरफ मोड़ा है.'
विश्व स्वास्थ्य संगठन के पक्ष में हैं बिल गेट्स
इस दौरान बिल गेट्स ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की आलोचना का भी बचाव किया.ट्रंप ने WHO पर आरोप लगाया था कि कोरोना वायरस को लेकर यह ठीक से काम नहीं कर रही है.
इस पर गेट्स ने कहा, 'विश्व स्वास्थ्य संगठन एक बहुत ही महत्वपूर्ण संस्था है जो मौजूदा महामारी के समय अत्यधिक सपोर्ट की जरूरत है.' उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन नहीं होता ट्रंप इस संगठन को फंडिंग न करने की धमकी को और आगे ले जाएंगे.
बता दें कि अप्रैल के अंत में गेट्स ने एक अन्य इंटरव्यू में कहा था कि अगर सब कुछ ठीक रहता तो अगले 12 महीने में हम बड़े स्तर पर वैक्सीन तैयार करने में सफल हो जाएंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादा से ज्यादा 2 साल भी लग सकते हैं. बिल गेट्स दुनियाभर की ऐसी 7 संस्थाओं को फंड कर रहे हैं जो वैक्सीन तैयार करने में जुटी हैं.
0 Comments