नई दिल्ली. महाराष्ट्र (Maharashtra) में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के मामलों और उनसे हो रही मौतों के कारण हालात दिनोंदिन चिंताजनक होते जा रहे हैं. इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) और उनकी सरकार पर निशाना साधा है. फडणवीस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कोरोना वायरस से हो रही मौतों का आंकड़ा दबा रही है. इसके संबंध में उन्होंने महाराष्ट्र सरकार को एक पत्र लिखा है.
देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट करके सवाल किए, 'मुंबई में कोविड 19 के कारण हुई 950 से अधिक मौतों को क्यों दबाया गया? ऐसी बड़ी लापरवाही क्यों की गई?
फडणवीस ने पत्र में कहा है कि हमें जानकारी मिली है कि महाराष्ट्र में 451 ऐसी मौतें हुई हैं, जिन्हें कोविड 19 में शामिल नहीं किया गया है. आईसीएमआर के दिशा-निर्देश देखें तो ये सभी मौतें कोविड 19 से जुड़ी हुई थीं लेकिन डेथ ऑडिट कमेटी ने इसे कोविड में शामिल नहीं किया.उन्होंने लिखा, 'कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी 500 मौत की घटनाएं ऐसी हैं जिसे डेथ ऑडिट कमेटी ने रिपोर्ट नहीं किया है. इस तरह राज्य में करीब 950 मौत की घटनाओं को दबा दिया गया है. किसके इशारे पर मौत के आंकड़े दबाए जा रहे हैं.
बता दें कि महाराष्ट्र में कोविड-19 (COVID-19) के 3390 नए केस सामने आए हैं जबकि इस दौरान 120 लोगों ने जान गंवा दी है. इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 107958 हो गई है जबकि 3950 लोगों की जान जा चुकी है. जबकि मुंबई का कुल आंकड़ा 58226 पहुंच गया है जबकि 2182 लोगों की मौत हो चुकी है.
0 Comments