जनपद में कोरोना का कहर शुक्रवार को भी टूटा। अलग-अलग स्थानों पर 33 कोरोना मरीज और सामने आ गए। मैनपुरी शहर में ही जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस सहित आठ मरीज नए सामने आए। इसके अलावा भोगांव की गिहार बस्ती में आठ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कुरावली में भी सात कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा घिरोर में आठ मरीज पाए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पॉजिटिव लोगों को एंबुलेंस बुलाकर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभावित क्षेत्र को सील कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर मैनपुरी शहर के प्रभावित इलाके अग्रिम आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस भी कोरोना का शिकार हो गए। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आईसोलेट कराया गया है। इसके अलावा मैनपुरी शहर के मुख्य बाजार स्थित लेनगंज के निवासी सात लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। प्रभारी सीएमएस सहित शहर में आठ पॉजिटिव निकले हैं। एक पॉजिटिव बेवर में पाया गया है। इसके अलावा किशनी में भी एक पॉजिटिव निकला है। कुरावली में सात, भोगांव में आठ पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने शुक्रवार को शहर में पैदल भ्रमण किया और प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। डीएम ने फिर चेताया कि लोग अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। मास्क लगाएं, शारीरिक दूरी का पालन करें। एसडीएम सदर रजनीकांत, सीओ सिटी अभयनरायन राय के निर्देशन में स्वास्थ्य टीमें प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमित हुए लोगों की चेन की तलाश में जुट गई है। संदिग्धों की सैंपलिंग कराई गई है।
इंसेट
अधिकारियों, कर्मियों में फैलने लगी कोरोना की दहशत
मैनपुरी। कोरोना ने आम लोगों के साथ-साथ सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों को भी शिकार बनाना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल के चिकित्सक के अलावा सीएचसी कुचेला के प्रभारी के बाद प्रभारी सीएमएस भी पॉजिटिव हो गए। इससे पूर्व तहसील के तीन, विकास भवन के दो, ब्लॉक का एक कर्मचारी पॉजिटिव हो चुका है। बरनाहल स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी भी पॉजिटिव हुए हैं। सुल्तानगंज, कुरावली स्थित बैंकों के कर्मचारी भी पॉजिटिव हो चुके हैं जिससे अधिकारियों, कर्मचारियों में कोरोना की दहशत बढ़ती जा रही है।
कुरावली में मिले 15 पॉजिटिव
कुरावली। शुक्रवार को कुरावली में सात लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से नगर में हड़कंप फैल गया। मोहल्ला दक्षिणी फर्दखाना में छह, ग्राम बसुरा सुल्तानपुर में एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर लोगों में भय पैदा हो गया। एसडीएम अनूप कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को एंबुलेंस से कोविड अस्पताल भेज दिया। वहीं प्रशासन द्वारा संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। सीएचसी चिकित्साधीक्षक डा. मुनींद्र सिंह चौहान के निर्देशन में डा. जगतबंधु, फार्मासिस्ट अमित कुमार, किशनपाल, एलटी सत्यजीत, दिलीप, दीप सिंह, राजीव, पंकज ने एक्टिव मरीजों के संपर्क में आए 67 लोगों की सैपलिंग की।
बेवर में एक महिला हुई पॉजिटिव
बेवर। शुक्रवार को कस्बा के पुराना बाजार में पूर्व में पॉजिटिव हुए युवक की मां भी कोरोना पॉजिटिव हो गई। दस दिन पूर्व युवक पॉजिटिव निकला था। इसके बाद उसकी मां की सैंपलिंग कराई तो वह भी पॉजिटिव निकल आई। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को कोविड अस्पताल भोगांव भिजवाया है। महिला के संपर्क में आने वालों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
कस्बे में कराया गया सेनेटाइजेशन
कुरावली। शुक्रवार को कोरोना नोडल अधिकारी ईश्वरचंद्र ने एसडीएम अनूप कुमार के साथ नगर में हॉटस्पाट एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई व सेनेटाइजेशन कराया। नोडल अधिकारी नगर स्थित सीएचसी पहुंचे और चिकित्साधीक्षक डा. मुनींद्र सिंह चौहान से अस्पताल की साफ-सफाई के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर ईओ डा. कल्पना बाजपेई, इंस्पेक्टर शिवकुमार चौहान, अदनान उल्ला खां आदि मौजूद रहे।
कोरोना से जीती जंग, हुआ स्वागत
कुरावली। शुक्रवार को नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी संक्रमित युवक कोविड अस्पताल से ठीक होकर घर आ गया। कोरोना को हराकर लौटे युवक का नगर के समाजसेवी आलोक गुप्ता, आकाश गुप्ता, मोनू गुप्ता, सोनू गुप्ता, राहुल गुप्ता, विवेक गुप्ता, अमित गुप्ता, प्रदीप सक्सेना, मोनू यादव, राजू वर्मा, अवधेश गुप्ता, कन्हैया वर्मा ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
नौवें दिन भी नहीं मिली खाद्य सामिग्री, लोग परेशान
कुरावली। एसडीएम अनूप कुमार ने आठ दिन पूर्व कोरोना संक्रमित मिलने पर नगर के सदर बाजार, घिरोर रोड व गली मोहल्लों को बंद करा दिया था। नौवें दिन भी नगर के किसी मोहल्ले में सब्जी व दूध की आपूर्ति नहीं हुई। पुलिसकर्मी सब्जी की ठेलियों व होम डिलीवरी करने वालों को प्रवेश करने नहीं दे रहे हैं। जिससे मोहल्लों में राशन, दूध और सब्जी की किल्लत हो गई है। नगर के मेडीकल स्टोर भी बंद करा दिए गए हैं। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घिरोर में निकले आठ कोरोना पॉजिटिव
घिरोर/कुरावली। शुक्रवार को कस्बा घिरोर में कोरोना का बम फट गया। लंबे समय के बाद एक साथ आठ कोरोना पॉजिटिव मिले तो कस्बा में हड़कंप मच गया। सभी पॉजिटिव को एंबुलेंस से कोरोना अस्पताल भेजा गया है। दो दिन पहले कस्बा निवासी एक युवक कोरोना का शिकार हुआ था। यह मैनपुरी डाकघर में कर्मचारी था। इसके बाद प्रशासन ने युवक के परिजनों और उसके घर किराए पर रह रहे दस लोगों की जांच कराई तो इनमें से आठ लोग कोरोना पॉजिटिव निकल आए। एसडीएम अनिल कटियार ने पुलिस और स्वास्थ्य टीम के साथ इन सभी को कोविड अस्पताल भिजवाया है। प्रभावित इलाके को सील कराया गया है। कुरावली में सीएमओ डा. एके पांडेय ने डा. राजीव राय, डा. मुनींद्र सिंह, डा. एसएन सिंह, डा. अनिल यादव, अजीत यादव, सत्यप्रकाश मिश्रा, रवींद्र सिंह गौर आदि के साथ निरीक्षण किया।
0 Comments