भागलपुर। भागलपुर में मानवता उस समय शर्मसार हो उठी जब गोशाला रोड स्थित एक पैंतीस वर्षीय युवक की मौत हो गई और उसके परिजनों को सांत्वना देने वाले अपने रिश्तेदारों ने भी मुँह फेर लिया और लाश तक को उठाने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि युवक को किडनी सम्बंधित शिकायत थी और स्थानीय किसी प्राइवेट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उसकी मौत से अचानक यह अफवाह फैल गई कि युवक की मौत कोरोना से हुई है।
स्थानीय लोगों ने पूर्व उपमेयर डॉ. प्रीति शेखर को इसकी सूचना दी। डॉ. प्रीति ने बताया कि लोगों से गुरुवार को सूचना मिलने पर उन्होंने सिविल सर्जन और अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र वर्मा से बात की। उनके द्वारा सूचना दिए जाने पर सदर अस्पताल ने मृतक का सैंपल कलेक्ट किया। इस दौरान तातारपुर थाना के एएसआई समेत अन्य कर्मी भी मौके पर डटे रहे। परेशानी तो तब हुई जब उस लाश को उठाने के लिए कोई परिजन तैयार नहीं थे। यहाँ तक कि शव को घाट ले जाने आये नगर निगम का शव वाहन भी वापस चला गया।
अंततः स्थानीय लोगों की मदद से चार मजदूरों ने बहुत मुश्किल से शव को उठाया। नगर निगम का शव वाहन चले जाने पर लाश को उठवाने के लिए जब प्रीति शेखर ने नगर आयुक्त को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया जो दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही साथ उप नगर आयुक्त एवं सिविल सर्जन ने एक—दूसरे पर इस मामले को टाल दिया ।डॉ.प्रीति ने इस बात की जानकारी जिलाधिकारी को भी दी है। इस दौरान संजय जैन, अभिजीत गुप्ता, प्रतिक जैन समेत कई युवक मौजूद रहे।

0 Comments