करिश्मा राय ने थामा राजद का दामन, बोली- लालू प्रसाद के लिए किसी से भी टकरा सकती हूं





पटना। चंद्रिका राय और लालू प्रसाद के परिवार की बहू ऐश्वर्या राय के खिलाफ तेजस्वी यादव ने गुरुवार को मास्टर स्ट्रोक खेला है। तेजस्वी ने आखिरकार चंद्रिका राय की भतीजी करिश्मा राय को अपनी पार्टी राजद की सदस्यता प्रदान कर दी। करिश्मा राय ने राजद की सदस्यता लेने के साथ ही एलान कर दिया कि वह लालू प्रसाद के लिए किसी से भी टकरा सकती है। लालू प्रसाद उनके आदर्श हैं और इस परिवार से मिला प्यार उनको पार्टी के लिए संघर्ष करने की ताकत देगा।

करिश्मा राय के साथ-साथ नालंदा से जदयू के नेता अनिल महाराज ने भी राजद का दामन थामा   है। अनिल महाराज अस्थावां से विधानसभा के टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं। नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में तेजस्वी यादव ने यह बड़ी सेंधमारी की है और जदयू नेता को अपने साथ शामिल करा लिया है। करिश्मा राय ने इस मौके पर कहा कि बिहार में बेरोजगारी सबसे ज्यादा है। बिहार में डबल इंजन की सरकार इससे निपटने के लिए कुछ नहीं कर पाई। उन्होंने  कहा कि तेजस्वी यादव युवा हैं, उन्होंने  एक नयी सोच की शुरूआत की है। वे सकारात्मक दिशा में काम कर रहे हैं। करिश्मा राय ने बताया कि वे पेशे से डेंटिस्ट हैं और केवल पैसा कमाना उनके जीवन का उदेश्य नहीं है। वह अब समाज सेवा का काम करना चाहती हैं, मैं गरीबों की मदद करना चाहती हूं।

उन्होंने  कहा कि राजनीति में उतरने के लिए मेरे प्रेरणास्रोत मेरे दादाजी दरोगा प्रसाद राय हैं जो बिहार की जनता के लिए समर्पित होकर काम कर चुके हैं। करिश्मा  ने कहा कि मेरे चाचा चंद्रिका राय राजद में हैं और वे पार्टी के एमएलए भी हैं। कहा कि राजद की सदस्यता लेना मेरे लिए स्वभाविक है। उन्होंने  कहा कि मेरे दादाजी के वक्त से ही मेरे पिता विधानचंद्र राय के अच्छे संबंध राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से रहे हैं। दोनों परिवारों के बीच दशकों से संबंध रहा है। विधानसभा चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि मैं पार्टी में काम करने आयी हूं, पार्टी मुझे जिस भूमिका को निभाने के लिए कहेगी मैं उसके लिए तैयार रहूंगी।

Post a Comment

0 Comments