आपके खाते में भी दो महीने से नहीं आई LPG Subsidy, ये हैं कारण



LPG के लाखों ग्राहकों को सब्सिडी का इंतजार था। पिछले दो महीने से सरकार द्वारा इसे खाते में जमा न कराए जाने से वे परेशान थे।

LPG उपभोक्‍ताओं के लिए यह जरूरी सूचना है। जिन लोगों ने मई और जून 2020 में रसोई गैस सिलेंडर खरीदा है, उनके खाते में सब्सिडी जमा नहीं हुई है। लाखों ग्राहकों को सब्सिडी का इंतजार था और पिछले दो महीने से सरकार द्वारा इसे खाते में जमा न कराए जाने से वे परेशान थे। लेकिन अब सरकार ने इस पूरे संशय को दूर कर दिया है। प्राकृतिक गैस एवं पेट्रोलियम मंत्रालय ने इसका कारण बताया है, जिसे जानने के बाद काफी हद तक लोगों की चिंता कम हो सकेगी। मंत्रालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल MoPNG e-Seva द्वारा किए गए Tweet में कहा गया है कि एलपीजी सिलेंडर के दामों में कमी आने के कारण इनकी कीमतों में सब्सिडी का कोई अंश नहीं था। इसके चलते मई और जून में जिन गैस सिलेंडर की सप्‍लाई की गई, उनके लिए ग्राहकों के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि ट्रांसफर नहीं की गई। कोरोना संकट के चलते मई और जून दो महीनों में LPG सिलेंडर के अलावा अन्‍य पेट्रोलियम उत्‍पादों की कीमतों में गिरावट बनी रही। लेकिन इसके बाद जून से अनलॉक 1 शुरू हुआ और कई शर्तों के साथ देश में अनेक सेवाएं बहाल हुईं। चूंकि बाजार की आर्थिक गतिविधियां शुरू हो चुकी थीं इसलिए LPG सहित पेट्रोलियम के अन्‍य पदार्थों के दामों में सुधार आना शुरू हुआ। इसी साल फरवरी, मार्च और अप्रैल में लगातार तीन महीनों तक गैस सिलेंडर के दाम घटे थे। इसके चलते सिलेंडर के दाम 277 रुपए तक कम हो गए थे।

1 अगस्‍त से घट सकते हैं सिलेंडर के दाम, आ सकती है सब्सिडी

अनलॉक वन और अनलॉक टू के दोनों चरण 31 जुलाई तक पूरे हो रहे हैं। इसके बाद केंद्र सरकार क्‍या तय करती है इस पर अब सबकी निगाहें हैं। लेकिन जिस प्रकार से बाजार खुल गया है उससे यह संभावना है कि 1 अगस्‍त को रिवाइज होने वाले गैस सिलेंडर के दाम घटेंगे और LPG सिलेंडर सस्‍ता हो सकता है। दो महीने तक महंगी होने के बाद यदि गैस सस्‍ती होती है तो खाते में सब्सिडी आ सकती है।

कब कितने घटे LPG सिलेंडर के दाम

इस साल फरवरी में दिल्‍ली में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 858.50 रुपए थी, जो मार्च में 53 रुपए घटकर 805.50 रुपए हो गई थी। इसके बाद मई में सिलेंडर के दाम 744 रुपए से घटकर 581.50 हो गए थे। गत एक जुलाई को पेट्रोलियम कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम के गैर-सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर के दामों में 1 रुपए का इजाफा किया था। दिल्‍ली में इसका भाव 594 रुपए प्रति सिलेंडर है। मालूम हो कि पेट्रोल और डीजल के दामों में डेली बेसिस पर अपडेशन किया जाता है, लेकिन LPG सिलेंडर के के दाम हर महीने की शुरुआत में बदले जाते हैं।


Post a Comment

0 Comments