कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों ने सोमवार (10 अगस्त) रात में भाजपा के एक पंचायत सदस्य के आवास पर ग्रेनेड फेंका। यह घाटी में पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को निशाना बनाते हुए किया जाने वाला नवीनतम हमला है। पुलिस ने बताया कि इस दौरान हुए विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ''आतंकवादियों ने सोमवार रात में त्राल नगर में भूपिंदर सिंह के घर पर एक ग्रेनेड फेंका।" अधिकारी ने बताया कि ग्रेनेड सिंह के घर के बाहर फटा लेकिन इसमें कोई नुकसान नहीं हुआ। सिंह भाजपा के एक कार्यकर्ता और एक पंच हैं। आतंकवादियों ने पिछले महीने से कश्मीर घाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले बढ़ा दिए हैं।
यह ताजा हमला ऐसे दिन हुआ जब जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद घायल हुए भाजपा कार्यकर्ता अब्दुल हमीद नाजर ने एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। नाजर पिछले एक महीने में आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाए गए भाजपा के चौथे कार्यकर्ता या पदाधिकारी थे।
बांदीपोरा के भाजपा जिलाध्यक्ष वसीम बारी, उनके पिता और भाई की पिछले महीने आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। गत चार अगस्त को भाजपा के एक पंच को गोली मारकर घायल कर दिया गया था, जबकि पार्टी के एक अन्य सरपंच की दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में दो दिन बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई।
0 Comments