अपनी बायोपिक को 'झूठ का पुलिंदा' कहे जाने पर गुंजन सक्सेना ने दिया करारा जवाब, मैंने अपनी मेहनत से सब कमाया




मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor) की फिल्म 'गुंजन सक्सेनाः द कारगिल गर्ल' (Gunjan Saxena: The Kargil Girl) लगातार विवादों में है. हाल ही में इंडियन एयरफोर्स (Indian Air Force) ने फिल्म के कंटेंट को लेकर आपत्ति जताई है और सेंसर बोर्ड को एक पत्र लिखा है. इंडियन एयरफोर्स के मुताबिक, फिल्म में IAF की छवि गलत तरीके से पेश की गई है. बायोपिक को 'झूठ का पुलिंदा' बताए जाने पर कारगिल गर्ल गुंजन सक्सेना (Gunjan Saxena) ने सफाई दी है.

दरअसल, कारगिल युद्ध में गुंजन सक्सेना के साथ रही पायलट श्रीविद्या राजन भी सामने आई है. उन्होंने दावा किया है कि फिल्म निर्माताओं द्वारा तथ्यों को ट्विस्ट किया जा रहा है. वहीं, गुंजन सक्सेना के साथ काम कर चुकीं रिटायर्ड विंग कमांडर नम्रता चंदी ने एक खुले पत्र में  बायोपिक को 'झूठ का पुलिंदा' बतााया है.  उन्होंने फिल्म निर्माताओं पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है. उन्होंने लिखा, ''श्रीविद्या राजन पहली महिला पायलट थीं जिन्होंने कारगिल की उड़ान भरी थी, गुंजन ने नहीं. हालांकि मुझे पूरा विश्वास है कि श्रीविद्या को इस क्रेडिट के बारे में कोई शिकायत नहीं है.'' बता दें कि फिल्म 'गुंजन सक्सेनाः द कारगिल गर्ल' में गुंजन सक्सेना को कारगिल युद्ध की पहली महिला पायलट के तौर पर दिखाया गया है.

अपने जवाब में, गुंजन ने एनडीटीवी पर लिखा है, 'मैं पाठकों को अत्यंत विश्वास और ईमानदारी के साथ बताना चाहती हूं कि भले ही मेरी बायोपिक में फिल्म निर्माताओं ने सिनेमैटिक लिबर्टी का प्रयोग किया है, लेकिन उन्होंने असली गुंजन सक्सेना को चित्रित करने में न तो कुछ मिस किया है न ही कुछ बढ़ा-चढ़ाकर बताया है.''


बायोपिक को 'झूठ का पुलिंदा' बताए जाने पर गुंजन सक्सेना ने कहा कि जो कुछ लोग निहित स्वार्थों या छिपे हुए एजेंडे के लिए इंडियन एयरफोर्स की छवि की रक्षा करने का दावा कर रहे हैं, वही लोग कारगिल युद्ध के बाद 1999 में इंडियन एयरफोर्स पर सवाल उठा रहे थे.

लैंगिक भेदभाव पर गुंजन सक्सेना ने कहा, ''जब मैंने ज्वाइन किया तो संगठनात्मक स्तर पर कोई भेदभाव नहीं था. लेकिन हां, व्यक्तिगत रूप से, कोई भी दो व्यक्ति समान नहीं हैं. चूंकि पूर्वाग्रह संगठनात्मक स्तर पर नहीं है, इसलिए विभिन्न महिला अधिकारियों के अनुभव अलग-अलग होंगे.''

Post a Comment

0 Comments