अक्षय कुमार से मिलने की चाह में 13 साल से नंगे पैर घूम रहा है ये शख्स, अभिनेता ने किया मिलने का वादा

Akshay Kumar अक्षय कुमार से मिलने की चाह में राजस्थान का रमेश कुमार लोधा 13 साल से नंगे पैर घूम रहा है। अभिनेता ने उससे मिलने का वादा है।...

जोधपुर, रंजन दवे। Akshay Kumar: आमजन मनवांछित फल के लिए तरह तरह की मन्नते, संकल्प और उपवास के जरिये उनकी प्राप्ति की कामना करते हैं, लेकिन राजस्थान के आबू रोड का एक शख्श ऐसा है, जिसकी कामना अपने चेहते फिल्मी सितारे अक्षय कुमार से मिलने की है। इस कामना की पूर्ति के लिए बाकायदा युवक ने प्रण भी लिया है और पिछले 13 सालों से उसे निभा भी रहा है। राजस्थान के आबूरोड के केसरगंज निवास रमेश कुमार लोधा फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के फैंस हैं, उनसे मिलने की तमन्ना लिए रमेश ने पिछले 13 साल से पैरों में जूते नहीं पहने हैं और प्रतिदिन नंगे पैर रहता है। अपने इस फैन के बारे में जानकारी मिलने के बाद अक्षय ने भी उनके लिए अपने जन्मदिन पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने राजस्थान आने पर मिलने का पक्का वादा किया है। साथ ही, कोरोना के समय पांव में जूते-चप्पल पहनने की अपील भी की है।

आबूरोड, केसरगंज के रहने वाले रमेश कुमार लोधा फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के फैन है। उनकी फिल्में देखते हैं। उन्हें भगवान तुल्य मानते हैं। वर्ष 2007 में अभिनेता से मिलने की कामना के चलते उन्होंने नंगे पैर रहने का संकल्प लिया। जिसके चलते गत 13 वर्षों से वह नंगे पैर जीवन यापन कर रहे हैं। गर्मी, सर्दी, बारिश में चप्पल-जूते नहीं पहनते हैं। उनकी फिल्मों के हिट होने की कामना के लिए उपवास भी रखते हैं। रमेश कुमार ने बताया कि उनकी अक्षय से कभी बात नहीं हो पाई है। लेकिन, वह उनसे मिलने के बाद ही जूते-चप्पल पहनेंगे। वह अक्षय को अपना आराध्य मानते हैं। वह उसके आदर्श हैं। अक्षय के जीवन मे सफलता व लंबी उम्र के लिए रमेश राजस्थान से साइकिल पर पांच बार वैष्णो देवी भी गए हैं। अक्षय के प्रति समर्पण इतना अधिक है कि रमेश ने अपने सर्विस स्टेशन का नाम भी उन्हीं के नाम पर रख हुआ है। इसके साथ साथ अक्षय कुमार का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाते हैं, केक काटकर उनकी दीर्घायु की कामना करते हैं।

इस बार भी रमेश ने नौ सितंबर को अक्षय का जन्मदिन मनाया और उनसे मिलने के लिए बाइक पर ही मुंबई भी गए, लेकिन फिर एक बार उनकी अक्षय से मुलाकात की बात अधूरी रही। लेकिन इस बार रमेश के हाथ निराशा नहीं लगी, बल्कि उनमें एक आत्मविश्वास जागा है। जन्मदिन के तीन दिन बाद 12 सितंबर को फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के अपने ट्विटरपर अपने फैंस के लिए जारी किए गए वीडियो में रमेश का उल्लेेख किया। अक्षय ने उनसे चप्पल पहनने की अपील की साथ ही इस बार राजस्थान आने पर निश्चित रूप से मिलने की बात भी कही। अक्षय कुमार की ओर से रमेश के लिए जारी किया गया वीडियो देखकर उनको बहुत खुशी हुई है। बकौल रमेश उन्हें तेरह वर्ष बाद उनका सपना सच होता दिखाई दे रहा है।

जानें, अक्षय कुमार ने क्या कहा वीडियो में

अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने फैंस को दी गई शुभकामनाओँ के लिए दिल से धन्यवाद दिया और आभार जताया। इस वीडियो में उन्होंने राजस्थान के आबू रोड निवासी राजेश कुमार लोधा को संबोधित करते हुए उनके बारे में जानकारी होने के बारे में बताया। साथ ही, उनके प्रशसंक के साथ साथ मिलने की कामना को लेकर लगातार नंगे पैर रहने की भी जानकारी होने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने रमेश कुमार लोधा को कोरोना महामारी के चलते नंगे पैर नहीं रहने, चप्पल-जूते पहनने की अपील की है। साथ ही राजस्थान आने पर उनसे मिलने का वादा किया है। 



Post a Comment

0 Comments