नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2020 खेलने के लिए जब से चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) की टीम ने यूएई में कदम रखा है उसे लगातार झटके पर झटके लग रहे हैं. पहले उसके 2 खिलाड़ियों समेत कुल 13 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए और उसके बाद सुरेश रैना ने अचानक आईपीएल छोड़ दिया और वो यूएई से सीधे भारत लौट आए. शुक्रवार को हरभजन सिंह ने ऐलान कर दिया कि वो कोरोना वायरस महामारी के चलते आईपीएल नहीं खेलेंगे. हालांकि इन सब झटकों के बीच आखिरकार चेन्नई सुपरकिंग्स को सुकून के पल नसीब हुए हैं. दरअसल चेन्नई सुपरकिंग्स की पूरी टीम अब कोरोना मुक्त है और शुक्रवार रात से वो दुबई में अपनी प्रैक्टिस शुरू करेगी.
पहली बार प्रैक्टिस के लिए उतरेंगे धोनी
चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) का पहला प्रैक्टिस सेशन शुक्रवार रात से शुरू होगा. चेन्नई के सभी सदस्यों ने दूसरी बार कोरोना टेस्ट पास किया है और वो अब प्रैक्टिस के लिए उतरेंगे. हालांकि इस प्रैक्टिस में दीपक चाहर और ऋतुराज गायकवाड़ हिस्सा नहीं ले पाएंगे, क्योंकि इन्हें पहले 14 दिन का आइसोलेशन पीरियड पूरा करना होगा. आइसोलेशन पीरियड पूरा करने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों के दो कोरोना टेस्ट होंगे और उसके बाद ही वो प्रैक्टिस में हिस्सा ले पाएंगे. चेन्नई सुपरकिंग्स के सीईओ काशी विश्वानाथन ने बताया, 'जो भी खिलाड़ी और स्टाफ मेंबर टेस्ट में नेगेटिव पाए गए हैं वो शुक्रवार से प्रैक्टिस करेंगे'
बता दें शुक्रवार को प्रैक्टिस करने वाले ग्रुप में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी फाफ डुप्लेसी और लुंगी एन्गिडी भी हिस्सा नहीं लेंगे. दरअसल ये खिलाड़ी 1 सितंबर को ही दुबई पहुंचे हैं और इन्हें नियमों के आधार पर 6 दिन का क्वारंटीन पीरियड पूरा करना है. उसके बाद दोनों की कोरोना जांच होगी और नेगेटिव पाए जाने के बाद ही ये मैदान पर उतर पाएंगे.
बता दें चेन्नई सुपरकिंग्स ने सुरेश रैना की वापसी के मुद्दे पर अबतक कुछ नहीं कहा है. सीईओ काशी विश्वानाथन ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधी हुई है. बता दें रैना अचानक आईपीएल 2020 छोड़कर दुबई से भारत वापस आ गए थे. इसके बाद उन्होंने इंटरव्यू में चेन्नई की टीम से दोबारा जुड़ने की इच्छा जताई थी. बता दें अगर रैना आईपीएल 2020 में नहीं भी खेलते हैं तो चेन्नई की टीम के पास ऐसे कई बल्लेबाज हैं जो नंबर तीन पर रैना की जगह खेल सकते हैं.

0 Comments