कोरोना प्रकोप के बीच साल 2020 अब अलविदा कहने जा रहा है। कुछ ही दिन या यूं कहें कि गिनती के घंटों के बाद ये साल हमेशा के लिए अतीत बनने जा रहा है। ये साल वैसे तो क्रिकेट के मैदान पर ज्यादातर कोरोना की भेंट चढ़ गया लेकिन क्रिकेट के मैदान में कई ऐसे पल देखने को मिले जो हर किसी को भावुक कर सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट में ये रहे फैंस को भावुक करने वाले नजारें
भारतीय क्रिकेट का विश्व क्रिकेट में बड़ा नाम है। ऐसे में साल का अंत होने को है जिसमें भारतीय क्रिकेट से जुड़े किस्सों की चर्चा तो बनती है। भारतीय क्रिकेट के लिए भी इस साल कई पल आए जिसने फैंस को भावुक करने में कोई कमी नहीं रखी।
क्रिकेट के खेल में मैदान के अंदर या बाहर कुछ ऐसे पल देखने को मिलते हैं जो फैंस या हर किसी देखने वालों को नम आंखों से देखने पर मजबूर कर दिया। यानि फैंस के दिल में भी भावुकता का भाव उमड़ पड़ा। तो डालते हैं ऐसे ही कुछ नजारों पर एक नजर…
जब बीच मैदान में हांफने लगे एमएस धोनी
विश्व क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज खिलाड़ियों को लेकर जब बात होती है तो भारत के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का नाम आता है। महेन्द्र सिंह धोनी की विकेट के बीच में दौड़ का तो कोई जवाब ही नहीं रहा है। उन्होंने अपनी रनिंग द बिटविन विकेट से तो काफी ज्यादा सुर्खियां बटोरी है और अपने आपको सबसे तेज खिलाड़ियों में से एक के रूप में साबित किया है।
महेन्द्र सिंह धोनी विकेट के बीच दौड़ने में किसी चीते से कम नहीं है, लेकिन बढ़ती उम्र और यूएई की खतरनाक गर्मी ने धोनी तक को हांफने पर मजबूर कर दिया। आईपीएल के 13वें सीजन में महेन्द्र सिंह धोनी को कुछ ही रन लेने के बाद मैदान में काफी थका हुआ देखा गया। सनराईजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में महेन्द्र सिंह धोनी रन लेने के दौरान बुरी तरह से हांफने लगे। इस नजारे को देख क्रिकेट फैंस वास्तव में भावुक हुए होंगे।
मनदीप सिंह ने पिता को इस तरह समर्पित की पारी
भारतीय क्रिकेट टीम के कई युवा खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते नजर आते हैं। इन युवा खिलाड़ियों में एक नाम पंजाब के मनदीप सिंह भी खेल रहे हैं, जो इस समय किंग्स इलेवन पंजाब की टीम में खेलते हैं। किंग्स इलेवन पंजाब की टीम से खेलते हुए इस सीजन मनदीप सिंह ने कुछ अच्छी पारियां खेली। जिसमें एक बेहतरीन पारी उनके जीवन में एक बड़े झटके के बाद आयी थी।
मनदीप सिंह ने आईपीएल के 13वें सीजन के दौरान अपने पिता को खो दिया। मनदीप सिंह के पिता के निधन के बाद उन्हें टीम मैनेजमेंट की ओर से घर जाने को कहा गया था, लेकिन इस खिलाड़ी ने टीम को संकट में छोड़कर ना जाने का फैसला किया। मनदीप सिंह ने अपने पिता के निधन के बाद खेले अगले मैच में शानदार 66 रन की पारी खेली थी।
उनकी पारी से किंग्स इलेवन पंजाब ने जीत हासिल की थी। मनदीप सिंह ने फिफ्टी जड़ने के बाद आसमान की तरफ देखने हुए अपने दिवंगत पिता को ये पारी समर्पित की। इस नजारे से कोई भी भावुक हो सकता था।
नीतिश राणा ने अपने ससुर की याद में किया ये काम
आईपीएल में खेलने वाले युवा खिलाड़ियों में एक नाम नीतिश राणा का भी देखने को मिलता है। नीतिश राणा ने अपनी प्रतिभा से खूब प्रभावित किया है। पिछले कुछ सालों से नीतिश राणा आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। उन्होंने इसी तरह से इस साल खेले गए सीजन में भी आखिरी कुछ पारियां में अच्छा प्रदर्शन किया।
कोलकाता नाइट राईडर्स के लिए खेलने वाले नीतिश राणा ने अपनी टीम के लिए कुछ बढ़िया पारी खेली। इसी दौरान उनकी एक पारी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आयी। जब उनके ससुर के निधन के बाद आयी। उनके ससुर सुरिंदर सिंह का निधन इस सीजन के दौरान ही हो गया था। नीतिश राणा ने दिल्ली के खिलाफ मैच में अपनी पारी के दौरान अपने ससुर के नाम की टी-शर्ट को हाथ में लेकर ऊपर देख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। ये नाराजा काफी भावुक कर देने वाला था।
धोनी-रैना ने जब एक साथ कहा अलविदा
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इस साल कुछ बड़े क्रिकेटरों ने क्रिकेट करियर को अलविदा कहा। वैसे तो इस साल संन्यास लेने वाले कई खिलाड़ी रहे हैं। लेकिन सबसे बड़ी चर्चा भारत के महान कप्तान रहे महेन्द्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर रही। महेन्द्र सिंह धोनी ने इसी साल देश के स्वतन्त्रता दिवस के मौके पर संन्यास की घोषणा की।
महेन्द्र सिंह धोनी के संन्यास लेने के कुछ देर के बाद ही उनके साथी खिलाड़ी रहे सुरेश रैना ने भी अलविदा कह दिया। सुरेश रैना और महेन्द्र सिंह धोनी लंबे वक्त तक भारतीय टीम के साथ ही आईपीएल में खेलते रहे। रैना और धोनी ने मिलकर कई बार भारतीय टीम को मैच में जीताया है। इन दोनों ही दिग्गज खिलाड़ियों के एक साथ इंटरनेशल क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले से हर कोई काफी भावुक था।
0 Comments