IND vs AUS: कमेंट्री के दौरान शेन वार्न ने बार-बार किया चेतेश्वर पुजारा के लिए नस्लभेदी शब्द का इस्तेमाल, मचा बवाल

भारत (India National Cricket Team) और ऑस्ट्रेलिया (Australia Cricket Team) के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज (India vs Australia Test Series) के पहले मुकाबले (IND vs AUS 1st Test) के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज गेंदबाज शेन वॉर्न (Shane Warne) ने चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) को कई बार स्टीव कहा. इसके कारण काफी बवाल मच गया. शेन वॉर्न जब कमेंट्री कर रहे थे तब वह बार बार पुजारा के लिए इसी शब्द का इस्तेमाल कर रहे थे. टीम इंडिया साल 2018-19 में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गई थी, उस दौरान भी वॉर्न और कई अन्य खिलाड़ियों ने उन्हें इसी नाम से संबोधित किया था.

बता दें, पुजारा जब इंग्लैंड में यॉर्कशायर के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने गए थे, उस दौरान उनको टीम के अन्य खिलाड़ी स्टीव कहकर बुलाते थे. पुजारा ने बताया था कि यॉर्कशायर के खिलाड़ी उनका नाम नहीं ले पाते थे, इसलिए उन्होंने उन्हें स्टीव बुलाना शुरू कर दिया. हालांकि, बाद में अजीम रफीक ने खुलासा किया था कि यॉर्कशायर के कर्मचरियों और खिलाड़ियों द्वारा इस्तेमाल होने वाला यह शब्द एक नस्लभेदी टिप्पणी थी. अजीम के इस खुलासे के बाद काफी हंगामा हुआ था और इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड को इसको लेकर जांच बैठानी पड़ी थी.

इतना ही नहीं अजीम के दावों का समर्थन करते हुए यॉर्कशायर के पूर्व कर्मचारी ताज बट्ट ने कहा था कि खिलाड़ी एशिया के सभी खिलाड़ियों को स्टीव कहकर ही बुलाते थे. ताज ने बताया था,"उन्होंने चेतेश्वर पुजारा जो विदेशी खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ जुड़े थे उन्हें भी स्टीव कहकर बुलाया जाता था, क्योंकि वो उनका नाम सही से नहीं ले पाते थे."

वहीं फॉक्स स्टार पर कमेंट्री के दौरान वॉर्न द्वारा पुजारा के लिए स्टीव शब्द के इस्तेमाल के कारण सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें नस्लवादी कहा. एक फैन ने ट्विटर पर कहा,"पुजारा को 'स्टीव' के रूप में संदर्भित करना, अव्यवसायिक, अपमानजनक और नस्लवादी है. उसका नाम कहना सीखो ."


Post a Comment

0 Comments