
JEE Main 2021 registration : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2021 का ब्राउशर जारी कर दिया है। छात्र आज से ही आवेदन कर सकेंगे। कुछ ही देर में jeemain.nta.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन की विंडो खुल जाएगी। जेईई मेन 2021 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी है।
इस बार जेईई मेन 2021 का आयोजन चार बार किया जाएगा। पहला सत्र 22 फरवरी से 25 फरवरी 2021 के बीच होगा। इसके बाद दूसरा सत्र मार्च, तीसरा अप्रैल और चौथा मई में होगा। ऐसा फैसला इसलिए किया गया है ताकि अलग अलग समय पर होने वालीं विभिन्न राज्यों की बोर्ड परीक्षाएं जेईई मेन परीक्षा के आयोजन में बाधा पैदा न करें। इससे पहले यह इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा साल में दो बार आयोजित होती रही है।
जेईई मेन 2021 के पहले सत्र के एडमिट कार्ड जनवरी के पहले सप्ताह में जारी किए जाएंगे। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।
NIT, IIIT और अन्य केंद्रीय वित्त पोषित तकनीकी संस्थानों आदि में बीटेक, बीई कोर्सेज में प्रवेश के लिए जेईई मेन एग्जाम आयोजित होता है। जेईई मेन में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जेईई एडवांस्ड परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। जेईई एडवांस्ड परीक्षा के जरिए देश के प्रतिष्ठित 23 आईआईटी संस्थानों में एंट्री मिलती है।
0 Comments