केंद्र सरकार की कई योजनाएं ऐसी हैं, जिनसे जुड़कर आप अपना बिजनेस शुरू कर सकते हैं. इस बिजनेस को शुरू करने के लिए आपको ई-पोर्टल GeM कराना होगा.
नई दिल्ली. अगर आप सरकार के साथ बिजनेस करना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए है. केंद्र सरकार ने सभी सरकारी विभागों को गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (GeM) से जोड़ दिया है. अब सरकारी विभाग अपने उपयोग लिए वस्तुओं और सेवाओं को ई पोर्टल GeM के जरिए खरीदेंगे. यानी सभी तरह की खरीदारी ऑनलाइन होगी. आप भी इस पोर्टल से जुड़कर सरकार के साथ बिजनेस कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसके बारे में सबकुछ....
क्या है ई पोर्टल GeM
मोदी सरकार ने ई पोर्टल के जरिए Gem (गवर्नमेंट ई मार्केट) यानी ऑनलाइन बाजार तैयार किया है. आप अपने घर में रह कर GeM से जुड़कर सरकार के साथ बिजनेस कर सकते हैं. इसलिए आपको GeM पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद आप सरकारी विभागों की डिमांड के हिसाब से सप्लाई कर सकते हैं. ऐसा करने के लिए आपको मैन्युफैक्चरर्स से संपर्क करना होगा और डिमांड आने पर वहां से माल आगे सप्लाई कर सकते हैं. सरकारी विभाग अपने लिए 50 हजार रुपये का सामान ई पोर्टल GeM के जरिए खरीद सकते हैं.
जेम पर कौन कर सकता है बिक्री
कोई भी विक्रेता जो उत्पादन करता है और उपयुक्त एवं प्रमाणित उत्पाद बेचता है, तो जेम पर उसका स्वागत है. उदाहरण के तौर पर अगर आप कंप्यूटर बेचते हैं तो आप GeM पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराएं. इसके बाद अगर भारत सरकार का कोई डिपार्टमेंट कंप्यूटर खरीदने के लिए टेंडर निकालता है तो आपको इसकी जानकारी दी जाएगी और आप इस टेंडर के लिए बोली लगा सकते हैं.
कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन
GeM पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसाना है. आवेदक को GeM पर फॉर्म और अपना ब्यौरा भरना है और GeM पर आईडी व पासवर्ड जनरेट करना है. एक बार रजिस्ट्रेशन कराने के बाद सरकार की किसी भी खरीद के टेंडर की जानकारी सेलर्स को एसएमएस और ई मेल के जरिए दी जाती है. आप इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद सरकारी कंपनियों में अपनी सर्विस भी दे सकते हैं.
क्या डॉक्यूमेंट्स चाहिए
GeM पर रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदक का पैन कार्ड, उद्योग आधार या एमसीए 21 पंजीकरण, वैट/टिन नंबर, बैंक खाता और केवाईसी दस्तावेज जैसे पहचान पत्र, आवास प्रमाण और कैंसिल चेक होने चाहिए.
अब तक जुडें लाखों विक्रेता
GeM से अबतक 8,61,625 विक्रेता और सर्विस प्रोवाइडर जुड़ चुके हैं. जिनमें से 3,47,401 सूक्ष्म और लघु उद्यम हैं. आंकड़ों के अनुसार, 2020 में प्रति माह 486 नई उत्पाद श्रेणियों को GeM पोर्टल में जोड़ा गया है. अधिक जानकारी के लिए Gem की वेबसाइट www.gem.gov.in पर क्लिक कर सकते हैं.

0 Comments