पार्थिव पटेल ने बयां किया 12 साल पुराना वाकया, कहा-एमएस धोनी कप्तान थे इसलिए...

पार्थिव पटेल ने सबसे युवा विकेटकीपरों के तौर पर टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था.


नई दिल्ली. कोरोना वायरस (Coronavirus) के चलते लागू किए गए लॉकडाउन (Lockdown) में अधिकतर भारतीय क्रिकेटर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गए हैं. इसी कड़ी में अब भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) और पूर्व तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह भी शामिल हो गए हैं. दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने लाइव चैट के दौरान क्रिकेट से जुड़ी कई बातों का जिक्र किया. इसी दौरान पार्थिव पटेल ने बताया कि कैसे साल 2007-08 के आस्ट्रेलियाई दौरे पर न चुने जाने को लेकर वो कितने निराश हो गए थे.

17 साल की उम्र में किया था टेस्ट डेब्यू

35 साल के पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने साल 2002 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था. तब वे 17 साल 153 दिनों में डेब्यू कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा विकेटकीपर थे. मगर पार्थिव के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा और इसीलिए वो टीम से भी अंदर-बाहर होते रहे. इसके बाद जब महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) टीम में आए तो पार्थिव के लिए दरवाजे बिल्कुल ही बंद हो गए.

दूसरे विकेटकीपर की रेस में शामिल थे पार्थिव

आस्ट्रेलियाई दौरे और एमएस धोनी (MS Dhoni) के टीम के कप्तान बनने के बाद बदले समीकरणों का भी पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने लाइव चैट में जिक्र किया. उन्होंने कहा, सही समय पर सही जगह रहना बेहद अहम होता है. 2008 के आस्ट्रेलियाई दौरे के लिए जब टीम चुनी जा रही थी तो मैं दूसरे विकेटकीपर के तौर पर रेस में था. वो इसलिए क्योंकि धोनी टीम इंडिया में पहले विकल्प के तौर पर अपनी जगह पक्की कर चुके थे. मगर मुझे नहीं चुना गया, जिससे मैं बेहद निराश हो गया था.

...जब टीम का कप्तान ही विकेटकीपर हो

पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने साथ ही बताया कि तब सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन दिलीप वेंगसरकर थे. उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि तुम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हो, इसे जारी रखो. और इसके बाद उन्होंने मुझे बताया कि मुझे आस्ट्रेलिया दौरे के लिए नहीं चुना गया है. तब हम सभी दूसरे विकेटकीपर की रेस में शामिल थे. मैं हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे रहा था. मगर आपको सच्चाई पता थी कि टीम का कप्तान ही विकेटकीपर है. इसलिए आप पहले विकल्प के तौर पर टीम में शामिल नहीं हो सकते. धोनी (MS Dhoni) टीम के कप्तान थे, इसलिए बतौर विकेटकीपर मैं पहला विकल्प नहीं हो सकता था.

Post a Comment

0 Comments