अब भारत में नहीं मिलेगी टोयोटा की ये दो कारें, जानें क्या है वजह?

टोयोटा ने भारत में इटियोस रेंज, कोरोला एल्टिस की बिक्री बंद की


नई दिल्ली. जापानी ऑटोमेकर टोयोटा (Toyota) ने भारत में इटियॉस रेंज (Etios Range) के साथ कोरोला एल्टिस (Corolla Altis) की बिक्री बंद कर दी है. कंपनी ने बेहतर प्रौद्योगिकी वाले नए उत्पाद लाने के लिए अपने संयंत्रों में उत्पादन क्षमता को खाली करने के लिए यह कदम उठाया है. टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM), जापानी ऑटो मेजर टोयोटा और किर्लोस्कर ग्रुप के साथ ज्वाइंट वेंचर ने 2010 में इटियॉस पेश की थी. 2011 में कंपनी ने इसका हैच संस्करण इटियॉस लीवा उतारा था. कंपनी घरेलू बाजार में इटियॉस श्रृंखला के 4.48 लाख वाहन बेच चुकी है. इसके अलावा इनकी 1.31 लाख इकाइयों का निर्यात किया गया है. कोरोला एल्टिस को भारतीय बाजार में 2003 में उतारा गया था.  कंपनी भारत में इसकी 1.16 लाख इकायां बेच चुकी है.

TKM के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड सर्विस) नवीन सोनी ने कहा, मार्च, 2020 में इटियॉस श्रृंखला और कोरोला एल्टिस की आखिरी खेप का उत्पादन हुआ है. इसके साथ ही भारत में इन वाहनों की अच्छी यात्रा समाप्त हो गई है. उन्होंने कहा कि बेशक भारत में इन दोनों मॉडलों की यात्रा समाप्त हो गई है, लेकिन कंपनी यहा बदलती जरूरतों और उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं के अनुरूप मॉडल लाने को प्रतिबद्ध है



इटियॉस रेंज में  इटियॉस प्लैटिनम (Etios Platinum), इटियॉस लीवा (Etios Liva) और इटियॉस क्रॉस (Etios Cross) जैसी कारें शामिल हैं. कंपनी इटियॉस में उपलब्ध तीनों ही इंजन को BS-6 मानकों के अनुरूप अपग्रेड नहीं करेगी. वर्तमान में इटियॉस प्लैटिनम और इटियॉस क्रॉस में क्रमशः 1.4-लीटर डीजल इंजन (68 पीएस/170 एनएम) और 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन (90 पीएस/132 एनएम) दिए गए हैं. दोनों ही इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन (एमटी) का ऑप्शन मिलता है. वहीं, इटियोस लीवा और इटियोस क्रॉस में 1.2-लीटर पेट्रोल और 1.4-लीटर डीजल इंजन दिए गए हैं. गाड़ी का 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन 80 पीएस की पावर और 104 एनएम का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है.

Post a Comment

0 Comments