
सोमवार दोपहर इज्जतनगर थाना क्षेत्र के करमपुर मेंदिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हुई जमात से लौटे तब्लीगियों की तलाश में पहुंचे दो सिपाही से लोगों ने हाथापाई की। सिपाहियों ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस बैरियर वन चौकी पहुंचाया। दरअसल, पुलिस लोगों को घरों में रहने के लिए समझा रही थी। तभी चौकी पर करीब 400 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया और आग लगाने की कोशिश की। पुलिस को लाठीचार्ज कर स्थिति पर काबू पाना पड़ा। इस दौरान आईपीएस अभिषेक वर्मा को चोटें आई हैं। एसपी सिटी रविंद्र कुमार ने कहा- आरोपियों पर रासुका लगेगी।
उत्तर प्रदेश के छह जिले हॉट स्पॉट
यूपी के छह जिले नोएडा, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, लखनऊ और सहारनपुर को हॉट स्पॉट में रखा गया है। इन जिलों में 181 संक्रमित मिले हैं जबकि, राज्य में अब तक 295 टेस्ट पॉजिटिव पाए गए। इनमें एक इंडोनेशियन नागरिक समेत 139 तब्लीगी जमाती पॉजिटिव पाए गए। योगी सरकार ने लॉकडाउन के दौरान किसी को राशन और खाने की दिक्कत न हो, इसके लिए अन्नपूर्णा व सप्लाई मित्र पोर्टल लॉन्च किया है।
लखनऊ: राज्य में अब तक 9103 केस
लॉकडाउन के दौरान आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर किसी को भी सड़कों पर निकलने की इजाजत नहीं है। इसके बावजूद प्रदेश के कई जिलों में लोग बेवजह सड़कों पर टहलते मिले। राज्य में अब तक लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में 9103 एफआईआर दर्ज हुईं। जमाखोरी और कालाबाजारी के आरोप में 170 केस भी दर्ज किए गए। इस दौरान वाहन चालकों से 4.45 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला। प्रदेश में 5301 बैरियर लगाकर 10.75 लाख वाहनों की चैकिंग की गई। 2.30 लाख वाहनों के चालान हुए और 16 हजार 498 वाहन सीज किए गए हैं।
प्रयागराज: इंडोनेशियाई नागरिक संक्रमण का शिकार
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हुए तब्लीगी जमात में शामिल इंडोनिशाई नागरिक कोरोनावायरस का शिकार हुआ है। वह प्रयागराज जिले में क्वारैंटाइन है। यहां शाहगंज स्थित अब्दुल्ला मस्जिद से एक हफ्ते पहले 36 लोगों को पकड़ा गया था। इनके कोरोनावायरस संक्रमित होने की आशंका पर 11 लोगों का सैंपल लखनऊ भेजा गया था। इनमें चार इंडोनिशिया व तीन केरल के रहने वाले थे। रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है।
झांसी: पुलिसकर्मियों पर हुई फूलों की बारिश
लॉकडाउन के दौरान सेवा में समर्पित पुलिसकर्मियों का झांसी में जमकर सम्मान हो रहा है। कोई इनकी आरती उतार रहा है तो कोई फूलों की बरसात कर रहा है। शहर के कई स्थानों पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने पुलिस कर्मचारियों का महानगर में कई स्थानों पर हार पहनाकर और फूल बरसाकर सम्मान किया। व्यापारियों का कहना है कि लॉकडाउन को सफल बनाने में पुलिस की बड़ी भूमिका है। जगह-जगह नाकाबंदी कर पुलिस लोगों को रोकने में जुटी हुई है। पुलिस कर्मचारी 24 घंटे अपने काम को अंजाम देने में मुस्तैदी से नजर आते हैं।
0 Comments