स्मृति ईरानी से उद्धव ठाकरे तक, अभिनेता IRRFAN KHAN के निधन पर किस राजनेता ने क्या कहा


 


नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान (Irrfan Khan) का आज मुंबई के हॉस्पिटल में निधन हो गया. वह 53 साल के थे. इरफान खान के निधन से बॉलीवुड समेत देशभर में उनके प्रशंसकों के बीच गम का माहौल है. इस दौरान कई राजनीतिक दिग्गजों ने इरफान के निधन पर शोक जताया. 

महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने शोक जताते हुए कहा, 'अभिनेता इरफान खान के निधन के साथ, हिंदी फिल्म उद्योग ने एक मेहनती, बहुमुखी अभिनेता को खो दिया.  क्रोनिक कैंसर से पीड़ित होने के बावजूद, इरफान ने इस तथ्य को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और उपचार के दौरान उत्साह से खड़े रहे.'

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शोक जताते हुए कहा, 'उन्होंने अपने हर किरदार से हमारे दिल में जगह बनाई, फिर चाहें पान सिंह तोमर में उनका पैशन हो या अंग्रेजी मीडियम में एक पिता का किरदार. वह एक बेहतरीन अभिनेता थे. वह अपने किरदारों के रूप में हमारे बीच सांस लेंगे.' 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं. वह बहुमुखी और टैलेंटेड एक्टर थे. वह वैश्विक फिल्म और टीवी मंच पर एक लोकप्रिय भारतीय ब्रांड एंबेसडर थे. उन्हें बहुत याद किया जाएगा. इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना.'

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बहुमुखी प्रतिभा के एक्टर इरफान खान के निधन की सूचना से दुखी हूं. उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना. वह एक अदभुत एक्टर के तौर पर हमेशा याद किए जाएंगे. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.

मुंबई के डिब्बेवालों ने भी इरफान को श्रद्धांजलि दी. मुंबई डिब्बेवाला एसोशिएशन के अध्यक्ष सुभाष तलेकर ने कहा कि मुंबई के डिब्बेवालों और इरफान के बीच अलग ही रिश्ता था. इरफान की एक फिल्म भी आई थी लंच बॉक्स. इरफान ने डिब्बेवालों के साथ बैठकर फिल्म का प्रीमीयर देखा था. ऐसे हरफनमौला अभिनेता को श्रद्धांजलि.  

एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि इरफान खान के निधन से दुखी हूं. वह भारतीय सिनेमा के बेहतरीन अभिनेता थे. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इरफान खान के निधन से स्तब्ध हूं. वह हमारे समय के सबसे असाधारण अभिनेता थे. उनके काम को हमेशा याद रखा जाएगा. उनकी आत्मा को ईश्वर शांति दे. 

महाराष्ट्र के गवर्नर भगत सिंह कोशियारी ने भी इरफान खान के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इरफान खान एक टैलेंटेड एक्टर थे जोकि सामाजिक चिंताओं को लेकर भी संवेदनशील थे. इरफान ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा के साथ फिल्मों और सीरियल्स में काम किया. उनका जाना हिंदी सिनेमा की दुनिया में बड़ी क्षति है. 

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार ने भी इरफान खान के निधन पर शोक जताया. उन्होंने कहा कि अभिनय के माध्यम से आसानी से हासिल की गई भूमिकाओं की विविधता के कारण अभिनेता इरफान खान को हमेशा प्रशंसकों द्वारा याद किया जाएगा. अभिनेता इरफान खान का निधन भारतीय फिल्म उद्योग, कला जगत के लिए एक बड़ा सदमा है.  उनके असामयिक निधन से, हमने एक मजबूत अभिनेता, एक संवेदनशील व्यक्ति, एक लड़ाकू व्यक्तित्व खो दिया.

Post a Comment

0 Comments